पिरदा क्लस्टर में समाधान शिविर का सफल आयोजन, अधिकांश मांगों व शिकायतों का हुआ निराकरण।

विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को किया लाभान्वित।

पिथौरा / महासमुंद — सुशासन तिहार 2025 के तीसरे चरण के अंतर्गत जनपद पंचायत पिथौरा के ग्राम पंचायत पिरदा में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पिरदा क्लस्टर की 13 ग्राम पंचायतों के लिए आयोजित किया गया था।जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जानकारी दी कि सुशासन तिहार के पहले चरण में पिरदा क्लस्टर से कुल 4375 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें 4286 मांग और 89 शिकायतें थीं। दूसरे चरण में इनमें से 4266 मांग और 87 शिकायतों का समाधान कर लिया गया। इन सभी निराकृत आवेदनों की जानकारी शिविर में उपस्थित आम नागरिकों को दी गई।

शिविर में बसना विधायक श्री संपत अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इस अवसर पर महिला स्व-सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के तहत आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। मां दुर्गा महिला स्व सहायता समूह और सीता महिला स्व सहायता समूह को 6-6 लाख रुपये तथा मुस्कान महिला समूह को 3 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई। साथ ही, 13 “लखपति दीदियों” को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।समाज कल्याण योजनाओं के तहत ग्राम जम्हर के दिव्यांग हितग्राही श्री संजीव कुमार सिदार को मोटराईज़्ड ट्राईसाइकिल प्रदान की गई, जिसे पाकर उन्होंने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं, ग्राम सांईसरायपाली के श्री चंदर सिंह सिदार को 500 रुपए की मासिक पेंशन स्वीकृत की गई।शिविर में अन्य योजनाओं के अंतर्गत 04 कन्याओं को सुरक्षा योजना से, ग्राम बरेकेल के 02 हितग्राहियों को जॉब कार्ड , ग्राम पिरदा के 03 हितग्राहियों को राशन कार्ड और 03 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (2024-25) स्वीकृति पत्रक प्रदान किया गया।गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा सुशासन तिहार के तीसरे चरण में 10 से 15 ग्राम पंचायतों के क्लस्टर में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान कर योजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचाना है। यह प्रयास शासन की जनहितकारी नीतियों को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।