नवापारा राजिम :–क्षेत्र में हाल ही में आए आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और असमय बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। समापवर्ती ग्राम धमनी के किसानों की रवि फसल में लगे धान की बालियां तेज हवाओं और ओले की मार से पूरी तरह जमीन पर गिर गईं, जिससे फसल कटाई योग्य नहीं रह गई और पूरी तरह बर्बाद हो गई।धमनी गांव के किसान रतन ढीमर, गोपाल साहू, प्रफुल्ल दुबे, जनपद सदस्य राधेश्याम साहू और घासुरम ढीमर ने बताया कि उन्होंने स्वयं के बोर पंप से सिंचाई कर और दवाइयों की उधारी लेकर बड़ी मेहनत से रवि फसल तैयार की थी। फसल कटाई के लिए तैयार थी, लेकिन अचानक आए मौसम के प्रकोप ने सब कुछ नष्ट कर दिया।किसानों ने बताया कि उन्होंने बैंक और दवा दुकानों से कर्ज लेकर खेती की थी, अब फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी है और आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। ऐसे में किसानों ने छत्तीसगढ़ सरकार से शीघ्र सर्वे कराकर समुचित मुआवजा देने की मांग की है।
