नवकिरण अकादमी के छात्रों ने अनियमितता बरते जाने की समस्याओं को डॉ चोपड़ा से अवगत कराया।

महासमुंद:- नवकिरण अकादमी महासमुंद के छात्रों ने आज पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विमल चोपड़ा को फोन पर अपनी समस्याएं बताई और अकादमी प्रभारी द्वारा अनियमितता बरते जाने की समस्याओं को अवगत कराया।जिस पर सभी विषयों और समस्याओं को सुनने के बाद डॉ. चोपड़ा मौके पर नवकिरण अकादमी पहुंचे। जहां नवकिरण अकादमी ताला लगा हुआ दिखा। चौकीदार से पूछने पर प्रभारी ने खोलने का अनुमति नहीं दिया है ऐसा कहा गया। तब डॉ. चोपड़ा ने अकादमी प्रभारी को फोन किया पर उनके द्वारा फोन रिसीव नहीं किया।नवकिरण अकादमी में अध्ययनरत छात्रों ने बताया कि कई दिनों तक अकादमी को बंद कर दिया जाता है, कार्य दिवस होने के बाद भी नहीं खोला जाता, आज भी कार्य दिवस है फिर भी प्रभारी द्वारा अकादमी खोलने का अनुमति नहीं दिया गया। अकादमी प्रभारी अपनी मनमानी करता है, और उनके कारण सभी छात्र पढ़ने से वंचित हो रहे हैं, और तो और प्रभारी द्वारा बोला जाता है कि “अकादमी नहीं खोलूंगा, जो करना है कर लो”।छात्रों ने आगे बताया कि अकादमी के बंद रहने के कारण सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों की पढ़ाई पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है, आगे परीक्षाएं हैं, अकादमी बंद हो जाने से परीक्षाओं की तैयारी बिल्कुल भी नहीं हो पा रही है। अगर इसी प्रकार अकादमी प्रभारी द्वारा मनमानी कर अकादमी को बंद कर दिया जाता रहेगा, तो हमारे प्रतियोगी परीक्षा के परिणाम पूरे नकारात्मक रहेंगे।डॉ. चोपड़ा ने छात्रों की बाते सुनी जिसके पश्चात उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत सी.ई.ओ., और कलेक्टर से फोन पर चर्चा की और कहा कि छात्रों को पढ़ने में असुविधा हो रही है, अकादमी प्रभारी द्वारा मनमानी की जा रही है, अकादमी को बंद कर दिया जाता है, जिसके कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे सभी छात्रों को असुविधा हो रही है और वे सभी परेशान हो चुके हैं। डॉ. चोपड़ा ने कलेक्टर से फोन पर चर्चा करते हुए कहा कि नवकिरण अकादमी शासन की योजना है, जिसे सुचारू रूप से चलाया जाना चाहिए, नवकिरण अकादमी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को उन्हें मार्गदर्शन और दिशा निर्देश देने के लिए बनाई गई है, और यह प्रशासन की जिम्मेदारी है कि अकादमी में पढ़ रहे छात्रों को किसी भी तरह से समस्या न हो और उन्हें सभी सुविधाएं मिल सके जिससे वे अपनी तैयारी अच्छे तरीके से कर सकें। डॉ. चोपड़ा ने आगे कहा कि नवकिरण अकादमी में पढ़ रहे छात्रों की समस्या को संज्ञान में लेते हुए, उसका त्वरित समाधान करें और किसी भी कर्मचारी, प्रभारी, अधिकारी द्वारा अनियमितता बरती जाती है तो उसके ऊपर जांच कर कार्यवाही की जानी चाहिए।कलेक्टर ने डॉ. चोपड़ा की बातों को सुनते हुए कहा कि छात्रों को किसी भी प्रकार की समस्याएं आ रही है तो वे सभी सीधे मुझसे मिल कर अपनी बात रख सकते हैं, और उनके सभी विषयों पर संज्ञान लेते हुए आगे की जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे उन सभी पर कार्यवाही की जाएगी।