कुपोषण दूर करने सक्रियता से करे कार्य – कलेक्टर श्री अग्रवाल।

आंगनबाड़ी में बच्चो की शतप्रतिशत उपस्थिति करे सुनिश्चित

आंगनबाड़ी केन्द्रों का करे नियमित निरीक्षण

 बाल विवाह एवं बहुविवाह कुरीति दूर करने लोगों को करे जागरूक

कलेक्टर श्री अग्रवाल ने जिले के आंगनबाड़ी पर्यवेक्षकों की बैठक में दिये निर्देश

गरियाबंद – कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारियों एवं सुपरवाईजरों की बैठक ली। उन्होंने बैठक में विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं, सेवाओं एवं कार्यक्रमों के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों की उपस्थिति शत – प्रतिशत हो यह सुनिश्चित करें। बच्चों को आंगनबाड़ी केन्द्रों पर निर्धारित मेन्यू के अनुसार नाश्ता एवं गर्म भोजन भी उपलब्ध कराये। पोषण ट्रेकर के माध्यम से आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों की उपस्थिति की एण्ट्री करें। पूरक पोषण आहार कार्यक्रम अंतर्गत कुपोषित बच्चों को लाभान्वित करें तथा गर्भवती, शिशुवती एवं किशोरी बालिकाओं को भी पूरक पोषण आहार प्रदान करें। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी पर्यवेक्षकों को आंगनबाड़ी केन्द्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा वहां बच्चो के लिए उच्च गुणवत्ता के पोषण आहार वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये है। उन्होंने जिले में कुपोषण को दूर करने सक्रिय होकर कार्य करने के निर्देश दिये। साथ ही अधिक कुपोषण वाले जगहों में विशेष कैंप लगाकर पूरक पोषण आहार वितरित करने एवं नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिये। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बच्चो का स्वास्थ्य जांच भी नियमित रूप करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बाल विवाह एवं बहुविवाह जैसी कुरीतियों के प्रति जागरूक करने के भी निर्देश दिये। समीक्षा बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री अशोक पाण्डेय, सीडीपीओ सहित पर्यवेक्षकगण मौजूद रहे।कलेक्टर श्री अग्रवाल ने बैठक में कहा कि बच्चों में कुपोषण दूर करने के लिए सीडीपीओ एवं सुपरवाइजर लक्ष्य निर्धारित कर कुपोषण की स्थिति में सुधार लाए। बैठक में आंगनबाड़ी केन्द्रों के संचालन तथा कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की कार्यरत एवं शेष रिक्त पदों की भी जानकारी ली। कलेक्टर ने कुपोषण मुक्त गांव के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वित करने के निर्देश दिये। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों में पौष्टिक एवं उच्च गुणवत्ता के गर्म भोजन उपलब्धता के लिए आंगनबाड़ी सहायिकाओं को प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने बैठक में जिले में स्वीकृत, संचालित, निर्माणाधीन, अपूर्ण एवं अप्रारंभ आंगनबाड़ी भवनों की भी जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना, महतारी वंदन योजना, नोनी सुरक्षा योजना, सखी सेन्टर, एनआरसी आदि कार्यक्रमो की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बाल कल्याण समिति में लंबित प्रकरणों की जानकारी, किशोर बोर्ड न्याय की जानकारी, स्पॉसरशीप योजना की जानकारी, नवा बिहान शाखा, आंगनबाड़ी केन्द्रों में एलपीजी गैस कनेक्शन सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की।