कलेक्टर ने स्ट्रांग रूम, कन्ट्रोल रूम, रिटर्निंग आफिसर कक्ष, एमसीएमसी एवं अनुवीक्षण इकाई का किया निरीक्षण।

व्यय और मीडिया मॉनिटरिंग के लिए की गई व्यवस्थाओं का लिया जायजा।

राजनीतिक विज्ञापनों एवं पेड न्यूज के संबंध में भी ली जानकारी।

गरियाबंद – छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय एवं त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 अंतर्गत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री दीपक कुमार अग्रवाल ने आज गांधी मैदान स्थित मंगल भवन में नगरीय निकाय निर्वाचन के लिए बनाये जा रहे स्ट्रांग रूम और मतगणना हॉल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रैम्प निर्माण, विद्युत, साफ-सफाई, बैरिकेटिंग, मतदान के लिए सामग्री वितरण, मतगणना के लिए टेबल व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने के निर्देश दिये। इसके पश्चात उन्होंने संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में स्थापित कन्ट्रोल रूम, रिटर्निंग आफिसर कक्ष, मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति (एमसीएमसी) इकाई, व्यय अनुवीक्षण इकाई एवं शिकायत शाखा का निरीक्षण किया। संयुक्त जिला कार्यालय के प्रथम तल पर कक्ष क्रमांक 71 में स्थापित मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति (एमसीएमसी) के विभिन्न इकाई पिं्रट, इलेक्ट्रॉनिक, सोशल मीडिया और एफएम आकाशवाणी अनुवीक्षण इकाई का अवलोकन किया। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया अवलोकन करने वाली टीम से विभिन्न टीवी चैनलों सहित स्थानीय केबल पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों एवं राजनीतिक विज्ञापनों तथा पेड न्यूज के संबंध जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने पिं्रट मीडिया के तहत स्थानीय अखबारों में प्रकाशित होने वाले राजनीतिक विज्ञापन सहित अन्य पेड न्यूज सहित चर्चा, परिचर्चा की भी जानकारी ली और अब तक किए गए अनुवीक्षण कार्यों का अवलोकन किया। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने व्यय अनुवीक्षण इकाई के निरीक्षण के दौरान टीम के सदस्यों द्वारा की जा रही मॉनिटरिंग के कार्यों का जायजा लिया। साथ ही संधारित की जा रही पंजियो का भी अवलोकन किया। उन्होंने व्यय मॉनिटरिंग के कार्यों को गंभीरता से करने के निर्देश मौजूद अधिकारी कर्मचारियों को दिए। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश सिंह राजपूत, सहायक संचालक जनसंपर्क एवं एमसीएमसी सदस्य सचिव श्री हेमनाथ सिदार सहित अन्य अधिकारी एवं मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति (एमसीएमसी) की टीम मौजूद रहे।