
गरियाबंद 26 अप्रैल 2021/कोविड-19 जांच रिपोर्ट में विलंब की दशा में लक्षणात्मक व्यक्तियों को बिना दवा पर्ची के मेडिकल स्टोर्स से दवाई मिलेगी। कलेक्टर श्री निलेशकुमार क्षीरसागर ने कोविड-19 के लक्षणात्मक व्यक्तियों के कोविड जांच रिपोर्ट विलंब से प्राप्त होने की दशा में जिले के समस्त मेडिकल स्टोर्स संचालकों को राज्य स्तरीय ट्रीटमेंट समिति द्वारा प्रस्तावित दवाईयां को बिना दवा पर्ची के जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया है। राज्य स्तरीय ट्रीटमेंट समिति द्वारा प्रस्तावित दवाईयों में टेबलेट आइवरमेक्टिन 12 एमजी, टैबलेट डॉक्सीसाइक्लिन 100 एमजी, टेबलेट पेरासिटामोल 650 एमजी, टैबलेट विटामिन सी 500 एमजी और टैबलेट जिंक 50 एमजी शामिल है। लक्षणात्मक व्यक्तियों को प्रतिदिन 3 से 4 लीटर गुनगुना पानी पीने, दिन में तीन बार भाप लेने, आठ घंटे सोने, 45 मिनट व्यायाम या टहलने तथा ऑक्सीजन सैचुरेशन की नियमित निगरानी एवं 94 प्रतिशत से कम होने अथवा सांस लेने में तकलीफ होने पर तत्काल संबंधित चिकित्सक अथवा होम आइसोलेशन कन्ट्रोल रूम में जानकारी देने की सलाह दी गई है।
