भूपेन्द्र सिन्हा
छुरा :- राजराजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु देव अर्जुन जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सेवानिवृत्ति व्याख्याता एवं लोक कथाकार के.आर. सिन्हा ने सपरिवार अपने इष्टदेव की पूजा अर्चना किया। सिन्हा ने इस पुनीत अवसर पर समस्त स्वजातीय समाज को शुभकामना प्रेषित करते हुए कहा कि कार्तिक मास शुक्ल पक्ष सप्तमी तिथि को महिष्मती साम्राज्य के अधिपति सहस्त्रबाहु देव अर्जुन का अवतरण हुआ।

श्रीमद् भागवत कथा पुराण एवं वाल्मीकि रामायण के अनुसार वे श्रीहरि विष्णु के 24 वे अवतार थे। हैहयवंश के दसवीं पीढ़ी में महाराज हैहय एवं माता पद्मिनी के संतान के रूप में प्राकट्य हुआ। उन्होंने भगवान दत्तात्रेय नारायण की कई वर्षों तक कठिन तपस्या की, जिसके फलस्वरूप एक हजार हाथ का वरदान मिला। सहस्त्रबाहु देव, राजराजेश्वर, कार्तवीर्य, सहस्त्रार्जुन की उपाधि से विख्यात हुए। उन्होंने आगे कहा कि हमारे इष्ट देव सहस्त्रबाहु देव अर्जुन ने त्रिलोक विजयी दशानन रावण को हराकर बंदी बनाया था।

वे सुदर्शन चक्रावतार, सप्तद्रविपाधी, दसग्रीव विजयी थे। धन,यश, कीर्ति, बल के देवता हैं। वे अखंड भारतीय संस्कृति के विस्तारक थे। उन्होंने सात महाद्वीपों एवं ब्रह्मांड पर विजय प्राप्त कर धर्म परायण राजा के रूप में 85 हजार वर्षों तक शासन कर हैहयवंश का धर्मध्वजा लहराया। के. आर. सिन्हा ने कहा कि राज राजेश्वर सहस्त्रबाहु देव अर्जुन कलार, कलाल, कलवार समाज के इष्ट देव के रूप में पूजे जाते हैं।

