भीमराव अंबेडकर मांगलिक भवन खैरा में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस।

वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण, खेल कूद प्रतियोगिता, सामग्री वितरण सहित।

शॉल एवं श्रीफल से किया सम्मानित ।                      

युवा पीढ़ी इनके अनुभव और आशीर्वाद से अपने जीवन को और अच्छा बनाएंः कलेक्टर श्री लंगेह।

प्रमोद दुबे 

महासमुंद – अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आज जिला मुख्यालय महासमुंद के डॉ. भीमराव अंबेडकर मांगलिक भवन खैरा बागबाहरा रोड महासमुंद में जिला स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि श्री योगेश्वर राजू सिन्हा एवं अन्य अतिथियों द्वारा महात्मा गांधी और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्य अर्पित व दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरीनंद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उषा पटेल, नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष श्रीमती राशि महिलांग, कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह एवं समाज कल्याण विभाग की उप संचालक श्रीमती संगीता सिंह मौजूद थे। इस अवसर पर विधायक श्री सिन्हा सहित अन्य अतिथियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 20 वरिष्ठजनों एवं सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 600 वृद्धजनों को कम्बल एवं दैनिक उपयोग हेतु किट, 11 वृद्धजनों को श्रवण यंत्र, 25 छड़ी प्रदान की गई। इसी प्रकार खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 20 वृद्धजनों को पुरस्कृत किया गया।कार्यक्रम को विधायक  योगेश्वर राजू सिन्हा ने संबोधित करते हुए कहा कि वृद्धजनों का सम्मान करना पुण्य का काम है। बुजुर्गों का सम्मान करना हमारी परंपरा है। जिस घर में बुजुर्ग माता पिता है उनका चेहरा देखकर निकलने से ही वास्तु दोष समाप्त हो जाता है।