संजय कानन में चला वृहद स्वच्छता अभियान।
विधायक, कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारियों ने की सफाई।
महासमुंद – स्वच्छ भारत मिशन के 10वें वर्षगांठ के अवसर पर जिले में 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर तक “स्वच्छता ही सेवा 2024” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान की शुरूआत आज स्थानीय संजय कानन उद्यान में वृहद सफाई अभियान चलाकर किया गया। अभियान का उद्देश्य समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता को बढ़ावा देना है।आज सुबह 9 बजे संजय कानन उद्यान में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के नेतृत्व में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा का आगाज हुआ। विधायक श्री सिन्हा ने कानन में हाथों में झाड़ू लेकर उद्यान की सफाई की और खरपतवार को भी हटाया। इस अवसर पर विधायक श्री सिन्हा ने सभी नगरवासियों से आग्रह किया कि आइए, इस स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाएं। इस अभियान का उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक स्वस्थ और विकसित समाज की ओर बढ़ने का मार्ग भी प्रशस्त करता है। इसी तरह कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने भी हाथों में झाड़ू लेकर साफ-सफाई की।सफाई अभियान में पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, प्रदीप चंद्राकर, पार्षद महेन्द्र जैन, श्रीमती मीना वर्मा, मनीष शर्मा, प्रकाश शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत सीईओ श्री एस. आलोक, अपर कलेक्टर श्री रवि कुमार साहू, सीएमओ श्री विजय पांडेय एवं जिले के आला अधिकारी भी सफाई अभियान में सहभागिता निभाई। इस दौरान स्कूली एवं महाविद्यालयीन एनएसएस. एनसीसी. एवं स्काउट के छात्र-छात्राओं सहित सभी वर्गों के लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हुए सामूहिक श्रमदान किया।
