नगर में गणेशोत्सव की धूम।

गणेश पंडालो में भारी संख्या में उमड़ रही है लोगों की भीड़।

सुरेन्द्र मिनोचा

मनेन्द्रगढ़/एमसीबी – गणपति बप्पा मोरया मंगल मूर्ति मोरया,एक, दो, तीन, चार गणेश जी की जय जयकार, पांच, छह, सात, आठ गणपति हैं सबके साथ’ और ‘गणपति बप्पा आए हैं साथ खुशहाली लाएं हैं’। जैसे बोल और रिमझिम बारिश के बीच शहर में शनिवार से घर घर गणपति जी विराज चुके है। सुहाने मौसम के बीच कई जगह पंडालों में भी गजानन विराजे हुए है। शनिवार को गणेश चतुर्थी के चलते शहर में बारिश के बीच चारों ओर ‘विनायक’ की गूंज गूंजती रही।शनिवार से शुरु हुए गजानन के महोत्सव की खुशियां देश भर में 11 दिनों तक मनाई जाएंगी। इसके बाद अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गजानन को विदाई दी जाएगी और उनका विसर्जन होगा। गजानन के पर्व की खुशियां अब धीरे-धीरे महाराष्ट्र की सीमा से बाहर निकलकर पूरे देश में मनाई जाने लगी है। मनेन्द्रगढ़ में भी अब यह एक महोत्सव के रूप में मनाया जाता है। गणपति, लंबोदर, विनायक, गजानन, सुखकर्ता और विध्नहर्ता जैसे नामों से पुकारे जाने वाले भगवान की आराधना के लिये शहर में लगभग 2 दर्जन से अधिक स्थानों पर उत्सव मनाया जा रहा है।

राम मंदिर प्रांगण में जय भोले सेवा समिति द्वारा पर्यावरण संरक्षण की थीम पर भगवान गणेश की नयनाभिराम प्रतिमा की स्थापना कर पूजा की जा रही है। सोमवार शाम को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने महाआरती में शामिल होकर पूजा अर्चना की। टीवी टावर रोड में प्रसिद्धि कला मंच द्वारा भी भगवान गणेश जी की आराधना की जा रही है।

शहर के हृदय स्थल फौव्वारा चौक में इंडियन ब्वॉयज क्लब गणेश पूजा समिति के संदीप जायसवाल और शंकर रोचलानी ने बताया कि विगत 10 वर्षों से समिति द्वारा गणेशोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन भंडारे के साथ ही 14 सितम्बर को महा भंडारे का आयोजन किया गया है, जिसमे अधिकाधिक संख्या में श्रद्धालुओं से शामिल होने और भोग प्रसाद ग्रहण करने की अपील की गई है।