कोण्डागांव – जिले के अंतर्गत केशकाल के टाटामारी इको टूरिज्म स्थल पर कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सोमवार को एक भव्य मेला का आयोजन किया गया, जहाँ आस पास के स्थानीय नागरिकों और व्यपारियों ने हिस्सा लिया । इस कार्यक्रम में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस आयोजन में कृष्ण लीला के प्रसंगों का जीवंत प्रदर्शन किया गया, जिससे वहाँ उपस्थित हजारों श्रद्धालु भक्त भाव-विभोर हो गए। विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के छायाचित्र की विधिवत पूजा की और आम जनता की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर महिला समूह द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों का भी स्वाद लिया और उनके इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारी परंपराओं को जीवित रखने में महिलाओं का योगदान महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में विधायक नीलकंठ टेकाम ने मटकी फोड़ प्रतियोगिता में भाग लिया और मटकी फोड़कर इस पारंपरिक उत्सव को और भी खास बना दिया, साथ ही टाटामारी इको टूरिज्म स्थल पर बने सेल्फी पॉइंट ने भी इस आयोजन में एक विशेष आकर्षण जोड़ा। विधायक टेकाम ने इस मौके पर सेल्फी पॉइंट पर फोटो खिंचवाकर युवाओं के बीच इस स्थान को और भी लोकप्रिय बना दिया। यह स्थल अब पर्यटकों के लिए एक पसंदीदा स्थान बनता जा रहा है, जहाँ लोग अपनी यादें संजोने के लिए आते हैं।
