नाली का दूषित पानी कुओं में, बीमारी का खतरा

प्रमोद दुबे 

महासमुंद। शहर के वार्ड-4 शारदा मंदिर के सामने निवासरत लोग नाली का गंदा पानी कुओं में आने से परेशान हैं। दूषित पानी से बीमारी का फैलने का खतरा बढ़ गया है। इसे लेकर वार्डवासियों ने नगर पालिका व जनसमस्या निवारण शिविर में शिकायत भी की, बावजूद किसी प्रकार का निराकरण नहीं होने से वार्ड की उर्मिला ठाकुर, हेमलता राजपूत, लता देवांगन, प्रतिभा गिरी, सुनीता शर्मा, रामनरेश ठाकुर, गणेश सेन आदि ने बताया कि शहर की आधी आबादी ओवरब्रिज के पार निवासरत हैं। जहां निस्तारी पानी नयापारा से होते हुए लकड़ी डिपो तुमगांव रोड होते हुए तुमाडबरी गांव की ओर जाता था। कुछ समय बाद यह पूरे शहर का गंदा पानी तुमाडबरी के कुएं व बोर आदि में रिसाव होने लगा था, तब पंचायत और ग्रामीणों ने विरोध- प्रदर्शन किया था। बाद नगर पालिका प्रशासन ने आनन-फानन में शारदा मंदिर के सामने से जोली पाल के निवास तक नई नाली का निर्माण कराया।
कुछ दिन बाद नाली बनकर तैयार तो हुई, लेकिन वार्ड-4 में निवासरत लोगों की समस्याएं बढ़ने लगी। क्योंकि, नाली का निर्माण सही तरीका से हुआ नहीं है। नाली का गंदा पानी तुमगांव रोड लकड़ी डिपो पास के मकान के ऊपर दीवार तक पहुंचाया गया, जिसने घरों के कुओं को प्रभावित कर दिया। नाली में बहाव न होने से पूरा गंदा पानी कुओं में सिपेज मार रहा है, जो निवासरत लोगों के लिए मुसीबत बन गई। कुओं में गंदा पानी आने से बीमारी का खतरा बढ़ गया है। पानी में बदबू के साथ झाग बहुत ज्यादा है। इसकी सूचना नगर पालिका के संबंधित विभाग को दे दी गई है, लेकिन विभागीय अमला बात करने का सुझाव देता है। इस संबंध में बीते दिनों समस्या निवारण शिविर में भी आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की गई।

आंदोलन व चक्काजाम की चेतावनी

वार्डवासियों ने बताया कि नाली की बदबू से यहां दुकान का संचालन करना मुश्किल हो गया है। लोग बीमार पड़ रहे हैं। आसपास के कुआं का पानी पूरा दूषित हो गया है। वार्ड के खेमराज देवांगन, सुशील देवांगन, लता देवांगन, प्रतिभा गिरी, रामनरेश ठाकुर, उर्मिला ठाकुर, खेमराज देवांगन, व सुनीता शर्मा आदि ने इस समस्या का तत्काल निराकरण की मांग की है, अन्यथा इस स्थिति में आंदोलन चक्काजाम की चेतावनी दी है।