स्वतंत्रता की 78वीं वर्षगांठ पर शान से लहराया तिरंगा।

आदर्श पैरामेडिकल में ध्वजारोहण कार्यक्रम का हुआ आयोजन।

सुरेन्द्र मिनोचा

मनेंद्रगढ़/एमसीबी – स्वतंत्रता की 78वीं वर्षगांठ पर जिले के मनेन्द्रगढ़ स्थित आदर्श पैरामेडिकल और आदर्श कंप्यूटर एकेडमी के संयुक्त तत्वाधान में ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ध्वजारोहण के बाद छात्र छात्राओं ने देशभक्ति गीतों से सेनानियों के बलिदानों को जीवंत किया।  15 अगस्त की सुबह 9 बजे आमाखेरवा रोड स्थित संस्था के परिसर में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वीरेन्द्र राणा, जे के सिंह, डॉ.रश्मि सोनकर, संस्था के संचालक रमेश सोनी, सह संचालक संजू सोनी और उपस्थित छात्र छात्राओं द्वारा ध्वजारोहण किया गया।

इस अवसर पर छात्र छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जो देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रहीं। छात्रों ने देशभक्ति के गीत गाये जिनमें स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा किये गये बलिदानों को जीवंत कर दिया। एक विशेष नाटिका भी प्रस्तुत की गई, जिसमें भारत के स्वतंत्रता संग्राम के महत्वपूर्ण क्षणों को चित्रित किया गया, जिससे राष्ट्र की दृढ़ता और साहस की याद ताजा हो गई।आदर्श पैरामेडिकल संस्था के संचालक रमेश सोनी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का यह समारोह हमारे देश की आजादी की यात्रा और इसके साथ आने वाली जिम्मेदारियों का एक मार्मिक स्मरण है। हम गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने और छात्रों के समग्र विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। हमें एक ऐसा वातावरण बनाने का प्रयास करना चाहिए जो सीखने, रचनात्मकता और सामुदायिक भावना को प्रोत्साहित करता है।संस्था की ओर से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि वीरेन्द्र राणा ने कहा कि काफी यातनाएं झेलने के बाद हम सबको यह आजादी मिली है।इसलिए महान और विकसित भारत बनाने के साथ इस आजादी को अक्षुण्य बनाए रखने का संकल्प हम सब लें। स्वच्छता का पाठ पढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि अपने आसपास स्वच्छता का विशेष ख्याल रखें।अगर कहीं भ्रष्टाचार दिखे तो उसे रोकने की दिशा में पहल करें। इस प्रकार के छोटे-छोटे प्रयास से हम देश के विकास में अपना अहम योगदान दे सकते हैं।उन्होंने आजादी की लड़ाई में बलिया के योगदान को भी सबसे साझा किया। डॉ. रश्मि सोनकर ने इस अवसर पर कहा कि देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत होकर एकता, अखंडता और सांप्रदायिक सद्भाव को बनाए रखना हम सबका कर्तव्य है। इससे देश विकास के पथ पर और तेजी से अग्रसर होगा। आजाद भारत के सपने को साकार करने के लिए हम उन महापुरुषों को हृदय से नमन करते हैं, जिनके अथक संघर्ष एवं बलिदान से इस महान राष्ट्र का निर्माण हुआ है। आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। यहां 18 वर्ष से ऊपर के आयु के सभी नागरिकों को समान रूप से वोट देने का अधिकार है। आप सभी से अपील है कि सभी लोग इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपना बहुमूल्य योगदान दें। मनेन्द्रगढ़ की जिस पावन धरती पर हम सब मौजूद हैं, वह ज्ञान और तपस्या की धरती रही है। खनिजों से परिपूर्ण, वन क्षेत्रों से आच्छादित यह धरती विश्व पटल पर अपनी एक अलग पहचान रखती है।

कार्यक्रम के अतिथि जुगल किशोर सिंह ने कहा कि आज इस महत्वपूर्ण दिवस पर समस्त जिलेवासी व्यक्तिगत और सामुदायिक स्तर पर जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों का मुकाबला करने एवं सतत् विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने का प्रण लेते हैं। हम अपने जीवनशैली एवं दिनचर्या में अच्छे उपायों एवं आदतों को अपनाए, जिससे प्रकृति का संरक्षण एवं मानव सभ्यता का विकास हो सके. इस तरह हम सभी लोग अपने-अपने प्रयासों से एक बेहतर समाज और राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। वहीं संस्था की सह संचालक संजू सोनी ने कहा कि हम लोगों को प्रण लेना है कि अपने कर्तव्य का निर्वहन हम ईमानदारी पूर्वक करेंगे। देश व देशवासियों की सेवा ही हमारा लक्ष्य होना चाहिये।

ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद संस्था परिसर से लोक निर्माण विभाग चौक तक रैली निकाली गई जिसमें छात्र छात्राओं ने भारत माता की जय, वंदे मातरम, स्वतंत्रता दिवस अमर रहे के नारे लगाये। रैली के बाद स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें अंजली सिंह ने प्रथम, चांद कुमारी ने द्वितीय, नीरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया वहीं मायावती को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।इस अवसर पर वीरेंद्र सिंह राणा, जे के सिंह, डॉक्टर रश्मि सोनकर, रमेश सोनी, संजू सोनी, शिक्षक सोहन यादव, मनीषा सिंह, शारदा, फातिमा शेख, नेहा मनीषा, रिंकी, चांद कुमारी, कुसुम, रोशनी, माया, संगीता, प्रीति, खुशबू, निखिल, अमन, प्रीतम,मनमोहन,प्रेमलाल, पूनम, सुशीला, समर्थ, आदर्श, आर्य, शिवन्या, मीना, राहुल, करिश्मा, सोनम,हिमांशी, सोनू केवट, नैंसी,मानसी गुप्ता, नंदनी उपस्थित रहे।