श्रद्धांजलि योजना बंद नहीं हुई, गुमराह करते रहे अफसर : महेंद्र

प्रमोद  दुबे 

महासमुंद। शहर के वार्ड 20 के पार्षद महेंद्र जैन ने कहा कि सरकार द्वारा श्रद्धांजलि योजना के अंतर्गत गरीबों के घर किसी के दिवंगत होने की स्थिति में नगर पालिका द्वारा अंतिम संस्कार के लिए तत्काल दो हजार रुपए की राशि जारी की जाती रही है, जिसे कांग्रेस की सरकार बनने के बाद बंद करने की एक साजिश रची गई। जिसका आज पदार्फाश हो गया। जैन ने बताया कि वार्ड 23 और 12 के जनसमस्या निवारण पखवाड़ा के तहत शिविर का निरीक्षण करने संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन साहू पहुंचे। भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों ने उन्हें चार-पांच विषयों को लेकर होने वाली तकलीफों से अवगत कराया। इस दौरान यह भी बताया गया कि श्रद्धांजलि योजना के अंतर्गत गरीब परिवारों को 2 हजार रुपए अंतिम संस्कार के लिए प्रदान किया जाता है। वह पिछले 5 सालों से महासमुंद नगर पालिका में बंद है तो उन्होंने स्पष्ट रूप से इस योजना के बंद होने को गलत ठहराया। उन्होंने महासमुंद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को तत्काल बुलाकर श्रद्धांजलि योजना के अंतर्गत गरीब परिवार के लोगों को दो हजार रुपए जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से यह भी कहा कि आप इस प्रकार के जो भी आवेदन आते हैं, उन्हें तत्काल राशि जारी करें। इस योजना के अंतर्गत डिमांड नगरीय प्रशासन विभाग को भेजें, जिससे कि उक्त राशि तत्काल महासमुंद नगर पालिका को प्राप्त हो सके। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एवं पार्षदों महेंद्र जैन, देवीचंद राठी, मीना वर्मा, पवन पटेल, राजेंद्र चंद्राकर, डमरू मांझी, महेंद्र सिक्का, विक्की गुरुदत्ता, भरत खत्री, माखन यादव, लक्ष्मी साहू, सुरेखा कंवर, जतिन रूपरेला सभी ने संयुक्त संचालक के प्रति आभार जताया।