जिले में चोरों के हौसले बुलंद, चोरियों से जिले में सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल !

प्रमोद दुबे 

महासमुंद। जिले में इन दिनों चोरों के हौसले बुलंद है। आए दिन चोरियों की बढ़ती वारदात से नागरिक पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहें हैं। सोमवार को पुलिस ने जिले के कोतवाली, पटेवा, तेंदुकोना और बागबाहरा थानों में चोरियों के चार मामले दर्ज किए गए हैं। जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के क्लबपारा में एक घर के अंदर से स्कूटी चोरी हो गई। पुलिस को हर्षवर्धन सिंह गौतम ने बताया कि 26 जुलाई को स्कूटी हीरो प्लेजर क्रमांक सीजी 06 डी 3907 घर में रखा था। कुछ देर बाद बाहर निकलकर देखा तो स्कूटी वहां नहीं थी। आसपास खोजबीन करने के बाद प्रार्थी ने मामले की रिपोर्ट सिटी कोतवाली में दर्ज कराई है। इसी तरह पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर में एक घर के सामने खड़ी कार चोरी हो गई। पुलिस को प्रार्थी उमाशंकर पटेल (29) ने बताया कि उन्होंने 25 जुलाई की शाम मारुति सुजुकी बलेनो डेल्टा क्रमांक सीजी 06 जीवी 4166 को घर के सामने पोर्च में खड़ी थी, 27 जुलाई की सुबह 04 बजे उठा तो कार वहां नहीं थी। आसपास खोजबीन करने पर भी नहीं मिली। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 303 (2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। इसी क्रम में बागबाहरा थाना क्षेत्र के एक क्लीनिक के सामने से मरीज की बाइक चोरी हो गई। बागबाहरा पुलिस को ग्राम गांजर निवासी टीकाराम चंद्राकर ने बताया कि 25 जुलाई की दोपहर 12 बजे बाइक पैशन क्र. सीजी 06 जीसी 9661 में पुत्री युक्ति चंद्राकर के साथ बागबाहरा चंद्राकर डेंटल क्लीनिक आया था। बाहर निकला तो बाइक नहीं थी। पुलिस ने रिपोर्ट पर अज्ञात के विरूद्ध धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

खेत से कृषि उपकरणों की चोरी

ग्राम चौकबेड़ा के एक खेत से कृषि उपकरणों की चोरी हो गई। तेंदूकोना थाने में मामले की रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ धारा 305, 331 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस को निवासी चितमातांड जिला गिरीडीह झारखण्ड हाल मुकाम खेड़ीगांव ने शाक्य शैलेष चन्द्रम कुशवाहा ने बताया कि वह ग्राम चौकबेड़ा में मेघराज जगत के खेत को लीज में लेकर खेती करता है। खेत में बने दो कमरों में कृषि उपकरण व खाद सामग्री रखा था। अज्ञात ने उक्त कमरों का ताला तोड़कर 16 अप्रैल की दोपहर 2 बजे से 20 जुलाई की दोपहर 12 बजे के मध्य चोरी कर लिया। चोरी हुए सामानों में एसटीपी स्प्रेयर पंप एवं पाइप 200 फीट, इलेक्ट्रानिक तौल मशीन 01 नग, फेसिंग काटा तार 04 बंडल, ड्रिप पाइप 03 बंडल, कीटनाशक दवा एक पेटी, यूरिया एवं डीएपी 02-02 बैग, फफूंदनाशक दवा 20 किलो कुल कीमत 45 हजार रुपए शामिल है। पुलिस ने रिपोर्ट के बाद आरोपी की खोजबीन शुरू कर दी है।