विश्व कल्याण की मंगल कामना को लेकर श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में हुआ पार्थिव शिव पूजन।

काफी संख्या में महिलाओ ने की भगवान शिव की आराधना,सावन में महीने भर होती है विशेष पूजा अर्चना।

सुरेन्द्र मिनोचा

मनेन्द्रगढ़/एमसीबी – सावन के महीने में पार्थिव शिव पूजन का विशेष महत्व है।यही वजह है कि शिव भक्त इन दिनों घर-घर भगवान शिव की पार्थिव मूर्ति बनवाकर पूजन अर्चन कर रहे हैं, तो वहीं शहर के वार्ड क्रमांक 12 स्थित संकट मोचन मंदिर में भी रविवार को भगवान शिव का पार्थिव पूजन किया गया।इस अवसर पर काफी संख्या में श्रद्धालु जन मंदिर परिसर में जमा रहे।

वार्ड क्र.12 में सीएमओ बंगला के सामने शहर का प्राचीन श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर स्थित है। यहाँ मंदिर परिसर में ही विशालकाय पीपल का वृक्ष है, जिसके नीचे भगवान शिव की मूर्ति विराजित है।यहाँ सावन के महीने में नियमित रूप से भगवान शिव की पूजा आराधना होती है।मंदिर से जुडी श्रीमती लक्ष्मी जायसवाल ने बताया कि रविवार को विश्व कल्याण की मंगल कामना को लेकर सामूहिक पूजन किया गया।भगवान शिव के पूजन के लिए शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड पड़ी।भक्तों ने भोलेबाबा की विशेष- पूजा अर्चना की।कई लोगों ने सपरिवार पार्थिव शिवलिंग भी बनाये। शिवजी का अभिषेक करने श्रद्धालु अल सुबह से ही मंदिर पहुंचने लगे थे।यह क्रम देर शाम तक अनवरत चलता रहा।भक्तों ने भोलेनाथ को बेलपत्र, धतूरा, अकौआ के फूल आदि अर्पित किए,दुग्धाभिषेक भी किया।

श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर स्थित शंकरजी के दर्शनों को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देव मंदिर में पूजन-अर्चन और दर्शनों के लिए सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। यहां पर श्रद्धालुओं ने शिवजी का अभिषेक कर विशेष पूजा अर्चना की। यहां चल रहे कीर्तन में भी श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर में शिवजी की विशेष श्रृंगार झांकी लगाई गई। सुबह अभिषेक एवं शाम को भव्य आरती हुई। शाम के समय विशेष श्रृंगार कर आरती एवं प्रसादी वितरण का आयोजन हुआ।