ठेकेदार की लापरवाही से गई मासूम की जान।

सुरेन्द्र मिनोचा
मनेंद्रगढ़/एमसीबी – जिले के मनेन्द्रगढ़ में निर्माणाधीन पुल के लिये ठेकेदार द्वारा बनाये गये सीमेंट की टंकी में मासूम बालक गिर गया। जब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो बालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में ईलाज के लिये लाया गया लेकिन तब तक मासूम की सांसें थम चुकी थी। मिली जानकारी के अनुसार मौहारपारा का रहने वाला 8 वर्षीय शुभम सिंह पिता स्व.प्रेम सिंह शुक्रवार की दोपहर अपने दोस्तों के साथ खेलने के लिये घर से निकला था। वे लोग खेलते खेलते काली मंदिर के पास
निर्माणाधीन पुल के लिये ठेकेदार द्वारा द्वारा बनाये गये सीमेंट की टंकी के पास पहुंच गये। इसी दौरान शुभम सिंह अचानक टंकी में गिर गया।

जब काफी देर बाद भी शुभम सिंह घर नही पहुंचा तो परिजनों ने उसकी पता तलाश शुरू की। आसपास खोजने के बाद बालक का जब कुछ पता नही चला तो टंकी में तलाश की गई तो मासूम टंकी में ही बेहोशी की हालत में मिला। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों द्वारा तत्काल मासूम शुभम सिंह को ईलाज के लिये सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मनेन्द्रगढ़ लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों की संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गये।कई मामलों में प्रायः देखा गया है कि ठेकेदारों द्वारा निर्माण कार्य के दौरान कही गड्ढा खोद कर खुला छोड़ दिया जाता है तो कहीं टंकी बना कर खुला छोड़ दिया जाता है,कहीं नाला खुला छोड़ दिया जा रहा है।वर्तमान में वर्षा ऋतु चल रही है और बरसात में खुले छोड़े गए इन गड्ढों,नालों और टंकी में पानी भर जाता है,जिसके परिणाम स्वरूप उपरोक्त घटनाएं कारित हो रही हैं।जिला प्रशासन को ऐसे लापरवाह ठेकेदारों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जानी चाहिए।