वृक्ष हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग :लक्ष्मी चंद्र

ग्रीन वैली फाउंडेशन द्वारा शहर को हरा भरा रखने किया जा रहा सतत वृक्षारोपण।

सुरेन्द्र मिनोचा

मनेन्द्रगढ़/एमसीबी – ग्रीन वैली फाउंडेशन के द्वारा क्षेत्र को हरा भरा बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार वृक्षारोपण किया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का भी इस क्षेत्र में व्यापक असर देखने को मिल रहा है।ग्रीन वैली फाउंडेशन के द्वारा इमली गोलाई मनेन्द्रगढ़ में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया है,वृक्षारोपण अभियान के दौरान उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए सामाजिक कार्यकर्त्ता लक्ष्मी चंद्र अग्रवाल ने कहा कि वृक्ष हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है और स्वच्छ पर्यावरण और पृथ्वी पर पर्यावरण संतुलन हेतु आवश्यक है। उन्होने आमजनों से स्वैच्छिक रूप से वृक्षारोपण कर वृक्षारोपण अभियान को सफल करने का आह्वान किया और साथ ही जोर दिया कि वृक्षों को लगाने के साथ-साथ उनकी रक्षा भी करनी होगी।जिससे पर्यावरण स्वच्छ रह सके और बीमारियों से बचाव हो सके।इंजीनियर वसंत जायसवाल ने बताया कि आपदाओं को कम करने के लिए वृक्षारोपण जरूरी है। पर्यावरण को बचाने के लिए हर नागरिक को एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए ताकि पृथ्वी पर प्राकृतिक संतुलन बना रहे। पर्यावरण प्रेमी संजय गायकवाड ने कहा कि यहां का प्राकृतिक वातावरण काफी शुद्ध व स्वच्छ है।इस प्राकृतिक वातावरण को बचाए रखने के लिए वृक्षारोपण अवश्य करना चाहिए।अगर समय रहते ही प्रकृति को नहीं बचाया गया तो आने वाले दिनों में पृथ्वी पर निवास करने वालो को जल एवं वायु संकट से जूझना पड़ेगा, अत: प्रकृति को बचाने के लिए आम लोगों को प्रकृति की रक्षा करने के लिए जागरूक किया जाना चाहिए।सुन्दर लाल दुग्गड ने कहा कि पर्यावरण को प्रदूषण से रोकना है तो पेड़ पौधे लगाना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर पेड़ पौधे हमें फल और छाया देते हैं, वहीं पेड़ पौधों से हमें विभिन्न प्रकार की औषधियां मिलती हैं। चाहे कोई भी दवा हो, कहीं न कहीं प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से वनस्पतियों से जुड़ी हुई होती है।

सतीश सिंह ने कहा कि पेड़ पौधे इस धरा के अनमोल आभूषण होते हैं। उनसे ही मनुष्य का जीवन आगे बढ़ता है। इनके अभाव में जीवन संभव नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति को चाहिए कि पेड़ पौधे अवश्य लगाएं। साथ ही उनकी रक्षा करें।अंत में कोरोना के प्रति जागरूकता के लिए भी दिशा-निर्देश दिया। इस मौके पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किये गए।आयोजन में इंजीनियर बसंत जयसवाल, प्रतिष्ठित व्यवसायी लक्ष्मी चंद्र अग्रवाल,लायंस क्लब के सुंदरलाल दुग्गड ,संजय गायकवाड,अजय गायकवाड, सतीश सिंह समेत ग्रीन वैली फाउंडेशन के सदस्यों द्वारा इमली गोलाई में पौधा रोपण किया गया,उपस्थित जनों का आभार प्रदर्शन संजय गायकवाड ने किया।