प्रमोद दुबे
महासमुंद – वेतन के लिए जब तक सरपंच और करारोपण अधिकारी उपस्थिति प्रमाणित नही करेंगे तब तक सचिवों का वेतन नही मिलेगा। जिपं महासमुंद के सीईओ ने 4 जुलाई को जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पत्र जारी कर निर्देश दिया है कि जनपद पंचायतों द्वारा ग्राम पंचायत के सचिवों का वेतन भुगतान हेतु जो गणना पत्रक भेजा जा रहा है उसमें पंचायत सचिवों की उपस्थिति का सत्यापन किए बिना ही भेजी जा रही है।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि सचिवों की अनुपस्थिति के सबंध में अत्यधिक शिकायत प्राप्त हो रही है जो अत्यंत खेद का विषय हे इसलिए निर्देशित किया जाता है कि ग्राम पंचायत सचिवों की उपस्थिति का सरपंच एवं संबंधित ग्राम पंचायत के प्रभारी करारोपण अधिकारी से सत्यापित कराकर वेतन भुगतान हेतु गणनापत्रक प्रत्येक माह के 20 तारीख के पूर्व प्रेषित किया जाए। यदि बिना सत्यापन कराए गणनापत्रक प्रेषित किए जाने के बाद ग्राम पंचायत सचिवों के अनुपस्थि होने की शिकायत प्राप्त होती है तो इसके लिए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होंगे। पत्र जारी होने बाद जनपद पंचायत के सीईओ ने सभी ग्राम पंचायत के सचिवों को निर्देश जारी किया है कि वेतन पत्रक स्वयं द्वारा हस्ताक्षर कर जमा किया जाता रहा है उसे अब ग्राम पंचायत प्रभार क्षेत्र के सहायक यांत्रिक लेखा परीक्षण एवं करारोपण अधिकारी से हस्ताक्षर के साथ वेतन पत्रक जमा करें। जनपद पंचायत महासमुंद द्वारा जारी निर्देश में सरपंच से सत्यापण कराए जाने को छोड़ दिया गया है।
