सुरेन्द्र मिनोचा
मनेंद्रगढ़/एमसीबी – केंद्र सरकार की पी.एस.वाई. (प्रतिभा सम्मान योजना) के तहत परीक्षा का आयोजन एम.सी.बी.व आस पास के विभिन्न जिलों के विभिन्न विद्यालयों के छात्र- छात्राओं के लिए दिसंबर माह में शहर के प्रतिष्ठित विद्यालय तथा शिक्षा के मानक केंद्र दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में किया गया था, जिसमें दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेन्द्रगढ़ के दो मेधावी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।मोहम्मद अब्दुल्ला को लिखित परीक्षा में स्वर्ण पदक, प्रमाण पत्र तथा एक लाख रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया।इसी के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया ,जिसका शीर्षक था- “प्रदूषित गंगा घाट वाराणसी” जिसमें भी अनेक जिले के विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया,परंतु इन सभी में दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेन्द्रगढ़ की छात्रा अनाया सिंह को उत्कृष्ट चित्रकला का प्रमाण पत्र दिया गया।यह दोनों ही छात्र- छात्रा अपने स्तर के प्रथम चरण को पार कर ,द्वितीय चरण के लिए चयनित हो चुके हैं।

गौरतलब है कि मोहम्मद अब्दुल्ला को एक लाख रुपये का त्रिवर्षीय स्कॉलरशिप प्रदान किया जाना है और मनेंद्रगढ़- चिरमिरी- भरतपुर जिले के छात्र छात्राओं में वह ही ऐसा एक मात्र छात्र है।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार तिवारी ने दोनों बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य हेतू विद्यालय सदैव तत्पर रहेगा। विद्यालय के निदेशक व पूर्व न्यायाधीश व्यंकटेश सिंह तथा निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह ने भी विद्यालय के छात्र- छात्रा की इस उपलब्धि को डी.डब्ल्यू.पी.एस.के लिए हर्ष के साथ गर्व का विषय बताया। विद्यालय के पी.एस.वाय. समनव्यक व कला के वरिष्ठ शिक्षक पृथ्वी राज परवार ने आगामी राज्यस्तरीय परीक्षाओं के लिए दोनो अभ्यर्थियों को अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।
