प्रमोद दुबे
महासमुंद – इन दिनों बिजली की आंख मिचौली से सिरपुर क्षेत्र के लोग खासे परेशान है। बेसमय बिजली कटौती की समस्या दूर नही हुई तो कभी भी गुस्सा फूट सकता है। सिरपुर के भाजपा नेता दुलरवा धीवर, राजेश ठाकुर, सेनकपाट के सुखीराम हिरवानी ने नाराजगी जाहिर करते हुए बताया कि जब चाहे तब बिजली विभाग क्षेत्र में आक्रोशित कटौती शुरू कर देता है। जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। नेताओं ने बताया कि यह ढर्रा रोज चल रहा है। दिन में कई बार बिजली बंद हो रही है वही शाम के समय यदि बिजली गई तो फिर रात में आने का नाम नही लेती। फोन लगाने पर बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारी फोन नही उठाते। यह सिलसिला कई दिनों से लगातार जारी है जिसके कारण ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। विद्युत विभाग का रवैय्या नही सुधरा तो कभी भी आक्रोशित ग्रामीण आंदोलन पर उतर आएंगे। इसी तरह ग्राम मरौंद के थनवार यादव ने बताया कि बिजली की कटौती से समूचा अंचल परेशान है। अभी खेती किसानी का सीजन शुरू हो गया है। इसके अलावा बारिश के दिनों में विषैले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है जिसके कारण ग्रामीण लगातार हो रहे बिजली कटौती से नाराज है।इसी तरह बाबूलाल ध्रुव, मोहन वर्मा ने भी बिजली की कटौती से नाराजगी जाहिर की।
