सुरेन्द्र मिनोचा
एमसीबी/केल्हारी – 26 जून से नए शिक्षा सत्र 2024 की शुरूआत हो गई है। सभी स्कूलों में बड़े ही उमंग और उत्साह से “शाला प्रवेश उत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय केल्हारी में दिनांक 26 जून को शाला प्रवेश उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य दृगपाल सिंह, विशिष्ट अतिथि ग्राम पंचायत केल्हारी सरपंच आशा सिंह, अन्य अतिथि उपेन्द्र द्विवेदी, हरिओम पाण्डेय एवं अभिभावक गण सम्मिलित हुए।सर्वप्रथम अथितियोंं द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी और सरस्वती माता के छायाचित्र के समक्ष पूजा कर दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। उन्होंने शाला प्रवेशोत्सव में आए नव प्रवेशित बच्चों को तिलक लगाया और उनका अभिवादन किया. हर बच्चे को बूंदी के लड्डू खिला कर मुंह मीठा कराया गया। अभिवादन और आयोजन के साथ शाला में प्रवेश कर रहे बच्चों में भी खुशी दिखी. बच्चों ने गीत-संगीत के माध्यम से शाला प्रवेश उत्सव का आनंद लिया। साथ ही उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को पुस्तक वितरण किया गया एवं विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम रखा गया।
जिला पंचायत सदस्य दृगपाल सिंह ने अपने संबोधन में बच्चों को शिक्षा का महत्व समझाया और कहा शिक्षा समाज में सामाजिक न्याय, समानता, एकता, और शांति को बढ़ावा देती है। शिक्षा समाज में गरीबी, अशिक्षा, अज्ञानता, अन्धविश्वास, और अन्य सामाजिक बुराइयों को दूर करने में मदद करती है। शिक्षा के बिना हमारा जीवन अधूरा लगता है। शिक्षा के बिना हम ज्ञान, समझ और सोचने की क्षमता से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने सभी बच्चों को समय पर विधालय पहुंचकर अध्ययन करने एवं अभिभावकों को अपने बच्चों को समय पर विद्यालय भेजने के लिए प्रेषित किया। उन्होंने कहा आप देश के भविष्य हैं तथा बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने एवं उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।विद्यालय के प्राचार्य आर सी नामदेव के द्वारा वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जिसमें नवीन शिक्षा सत्र में कक्षा पहली से दसवीं तक की कक्षाएं संचालित होगी तथा कुल छात्र-छात्राओं की संख्या 410 है। कार्यक्रम का सफल संचालन अंजना लाकर एवं मनीषा राकेश के द्वारा किया गया कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
