प्रमोद दुबे
महासमुंद – भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कांग्रेस शासन में संरक्षण पाये शराब माफियाओं पर हो रही जिला बदर कार्यवाही को रोकने व पुलिस व प्रशासन पर बनाए जा रहे अनावश्यक दबाव की निंदा की है। कांग्रेस शासन में प्रदेश की राजधानी से अपने सजातीय मंत्री से पुलिस पर दबाव डालकर थाने को अपना बंधक बनाएं इस शराब माफिया को बचाने अब भाई सामने आ रहा है और अनर्गल प्रलाप कर रहा है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने के बाद शराब माफिया के विरुद्ध गृह मंत्री के कठोर निर्देश के बाद ताबड़तोड़ कार्यवाही हो रही है, जिसमें पुलिस विभाग की सक्रियता से 75 प्रतिशत कांग्रेसी कोचिए जिन्हें कांग्रेस के तत्कालीन एवं पूर्व विधायकों का संरक्षण था, दुबक गए हैं, ऐसी बड़ी मछलियों पर जिला बदर की कार्यवाही से
हड़कंप मचा हुआ है, और जो लोग पहले थाने को अपने इशारों पर चलाते थे उन्हें अब थाने में उखरू बैठाया जा रहा है तो इन्हें अपनी प्रतिष्ठा और गुंडई पर आंच आती दिख रही है। डा. चोपड़ा ने ऐसे लोगों की भी जांच की मांग की है जो हमेशा ऐसे असामाजिक तत्वों को सहयोग करते हैं। जिस अमजद अली की आड़ ली जा रही है उसके भी रिकॉर्ड की जांच कर दंडित किया जाना चाहिए।
