कोण्डागांव :- आंकाक्षी विकासखण्ड माकड़ी में नीति आयोग द्वारा निर्धारित मानको के अनुसार विकास हेतु विभिन्न विभागों के समन्वय से विभिन्न योजनाओं का संचालन किये जाने हेतु कार्य किया जा रहा है। जिसके तहत माकड़ी में मंगलवार को एकीकृत बाल विकास परियोजना माकड़ी कार्यालय के अंतर्गत सभी सेक्टर सुपरवाइजर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। जिसमें परियोजना अधिकारी एवं आकांक्षी विकासखंड फेलो बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सभी गर्भवती महिलाओ और 06 माह से 06 वर्ष तक के बच्चों को शत प्रतिशत टीएचआर और गर्म भोजन का वितरण करने एवं सभी बच्चों का सही तरीके से वजन और ऊंचाई मापन कर पोषण ट्रैकर में डाटा को दुरूस्त करने हेतु निर्देशित किया गया। जिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण ट्रैकर में डाटा एंट्री करने में कठिनाई आ रही है, उनको संबंधित सुपरवाइजर द्वारा प्रशिक्षित करने को कहा गया।
इसके अलावा मध्यम कुपोषित और गंभीर कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर सेक्टरवार रोस्टर बनाकर 10 -10 बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में उचित इलाज हेतु भेजने के लिए निर्देशित किया गया साथ ही पोषक आहार युक्त पोषण पेटी बनाने एवं हर आंगनबाड़ी केंद्र तथा अन्य उचित स्थानों में पोषण वाटिका बनाकर फलदार पौधा, मुनगा और कटहल आदि लगाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
26 जून तक 67 ग्राम पंचायतों में लगाये जाएंगे स्वास्थ्य शिविर
नीति आयोग द्वारा कोण्डागांव के चिन्हित आकांक्षी विकासखंड माकड़ी में स्वास्थ्य से संबंधित सभी मापदण्डों के प्रदर्शन में समग्र सुधार हेतु एक निश्चित कार्ययोजना के तहत 20 मई से 26 जून तक माकड़ी विकासखंड के 67 ग्राम पंचायतों में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, बीपी, डायबिटीज, टीबी, एचआईवी आदि की जांच तथा अन्य स्वास्थ्य परीक्षण तथा बेहतर उपचार हेतु दवाई वितरण का कार्य किया जा रहा है। जिसके तहत 20 मई को विकासखण्ड के 6 विभिन्न स्थानों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। जिसमें बागबेड़ा, मगेदा, ओटेंडा, हाड़ीगांव, गारे तथा बालोंड में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया था।
