स्वीप समिति द्वारा मतदाता जागरूकता कवि सम्मेलन का सफल आयोजन।

सुरेन्द्र मिनोचा

मनेंद्रगढ़/एमसीबी :- जिला निर्वाचन अधिकारी डी. राहुल वेंकट के मार्गदर्शन में स्वीप समिति के द्वारा मतदाता जागरूकता के लिए भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर, ज्ञान और संगीत की देवी माँ सरस्वती की वंदना के साथ दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुभ शुरुआत की गयी।

मुख्य अतिथियों में विवेक तिवारी (अपर जिला न्यायाधीश), मंसूर आलम (अपर जिला न्यायाधीश), सुनीता साहू (अपर जिला न्यायाधीश), सरिता दास (अपर जिला न्यायाधीश), श्रुति दुबे (अपर जिला न्यायाधीश) और आस्था यादव (अपर जिला न्यायाधीश) कार्यक्रम में शामिल हुये।नवोदय विद्यालय की छात्रा कृतिका महाजन ने भजन गायन के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। परियोजना निदेशक नितेश उपाध्याय ने उद्बोधन देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और मंजुला कौरव ने स्वीप जागरूकता गीत के माध्यम से सभी को प्रेरित किया।आमंत्रित कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से मतदान के महत्व को रेखांकित किया। कलेक्टर ने मतदाताओं को संबोधित करते हुए उनके मत की कीमत पर प्रकाश डाला और सभी को मतदान के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कवियों का सम्मान भी किया गया और मतदाताओं को मतदान की शपथ दिलाई गई।

इस कार्यक्रम के माध्यम से न केवल मतदान की अहमियत को समझाया गया, बल्कि साहित्य और संगीत के जरिए समाज में जागरूकता फैलाने का एक सशक्त माध्यम भी प्रस्तुत किया गया।इस तरह के आयोजन समाज में न केवल जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि लोकतंत्र के महत्व को भी रेखांकित करते हैं।

कलेक्टर डी राहुल वेंकट ने कहा कि- मतदाताओं को जागरूक करने के लिए क्षेत्र के कवियों द्वारा बहुत ही अच्छा कार्यक्रम रखा गया ,हमारे क्षेत्र में ही इतने अच्छे कवि हैं ,जिन्होंने अपनी प्रभावशाली कविताओं के माध्यम से कार्यक्रम को सफल बनाया। कलेक्टर ने सभी उपस्थित कवियों का चुनाव आयोग और सीईओ रायपुर की तरफ से धन्यवाद ज्ञापित किया।उन्होंने कहा कि सभी मतदाताओं को मतदान करना चाहिए।

पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह ने कहा कि हमारा प्रयास है कि शहरी क्षेत्र में मतदान प्रतिशत बढ़े,नए युवा मतदाता अवश्य मतदान करें। हमारा यह कार्यक्रम मतदाता को मतदान के लिए प्रेरित करना है।मनेद्रगढ़ के वरिष्ठ योग प्रशिक्षक एवं साहित्यकार सतीश उपाध्याय ने कलेक्टर सह जिला निर्वाचन अधिकारी डी राहुल वेंकट (आईएएस)एमसीबी एवं निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान से प्रेरित होकर निशुल्क योग प्रशिक्षण की घोषणा की। पतंजलि योग समिति से जुड़े वरिष्ठ योग प्रशिक्षक उपाध्याय ने कहा कि मतदान के पश्चात जो मतदाता ,मतदान के पश्चात् अपनी अमिट स्याही की ऊंगली को दिखाएगा उनका निशुल्क पंजीयन किया जाएगा एवं उन्हें तीन दिन का निशुल्क योग प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।

कलेक्टर सह जिला निर्वाचन अधिकारी डी राहुल वेंकट एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा आमंत्रित सभी कवियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किया गया ।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि निकट भविष्य में इन कवियों को पुनः मतदाताओं को जगाने हेतु प्रेरित कविताओं से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा

इस अवसर पर क्षेत्र के कवि सतीश उपाध्याय, सुश्री मंजुला कौरव, श्याम सुंदर निगम ,शैलेश जैन, निर्मला महाजन, श्रीमती वीरांगना श्रीवास्तव, जगदीश पाठक, श्रीमती सरिता मिश्रा, गौरव अग्रवाल, नारायण तिवारी, विनोद तिवारी, राजेश बुंदेली का सम्मान किया गया।कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी,आम नागरिक , महिलाएं,सहित भारी संख्या में मतदाता श्रोता उपस्थित रहे।