नकली खाद्य एवं पेय पदार्थों से लीवर ,गुर्दे को गंभीर खतरा :उपाध्याय ।

सुरेन्द्र मिनोचा

मनेन्द्रगढ/एमसीबी :- नगर के योगाचार्य एवं आम नागरिकों को मिलावटी खाद्य वस्तुओं से सचेत करने वाले वरिष्ठ नागरिक सतीश उपाध्याय ने बाजार में मिलावटी खाद्य सामग्री से बचने की पुरजोर अपील की है।श्री उपाध्याय ने कहा कि होली पर्व पर ऐसी आशंका व्यक्त की जा रही है कि इन दिनों मिलावटी खाद्य पदार्थो की बिक्री धड़ल्ले से की जा रही है।खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, मिलावटी खाद्य पदार्थों को बतौर परीक्षण के लिए ले तो जाती है, परंतु उसकी रिपोर्ट जनहित में प्रकाशित नहीं की जाती है।उन्होंने आशंका जाहिर की है कि होली पर्व पर घर-घर जो मिठाइयां पहुंच चुकी है ,संभव है उसमें भी मिलावट हो। विगत दिनों प्रकाशित एक समाचार के आधार पर श्री उपाध्याय ने कहा-नकली मावा, मिठाई ,तेल ,मसाले और बेसन में ज्यादा मिलावट हो रही है, मसाले में लकड़ी बुरादा एवं हानिकारक कलर ,ईंटों के चूरे भी मिलाए जाने की आशंकाएं हैं। फूड इंस्पेक्टर और उनकी टीम ने कोरिया ,एमसीबी सहित कई प्रतिष्ठानों एवं होटलों से खाद्य पदार्थ का नमूना लिया है, परंतु नमूने में लिए गए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता खरी उतरती है या नहीं, यह संबंधित दुकानदारों तक को नहीं बताया जाता। न ही इसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाती है।यदि अंचल क्षेत्रों, एवं मनेद्रगढ़ के दूध डेयरी के पनीर ,घी,एवं दूध का सैंपल लिया जाए तो निसंदेह चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग के द्वारा लिये गए कई सैंपल अमानक पाये गये हैं। उन्होंने खाद्य विभाग की कार्रवाई पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जब त्यौहार का समय आता है तब ही संबंधित विभाग हरकत में आता है। जबकि खाद्य विभाग को गुणवत्ता की जांच समय-समय पर करते रहना चाहिए। मनेद्रगढ़ एवं आसपास के क्षेत्र में कई चाट ठेंलो,गुमटियों में साफ सफाई का ध्यान नहीं रखा जाता एवं दूषित पानी से प्लेट धोई जाती है एवं गोलगप्पे का पानी भी हानिकारक होता है। श्री उपाध्याय ने कहा कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन के द्वारा जिला मुख्यालय सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों में सैंपल लिया गया था जिसकी रिपोर्ट पर आज तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। मिलावटी खाद्य पदार्थों को लेकर कतिपय जागरूक लोगों ने भी प्रशासन से अपील की है कि वह होटल एवं खाद्य पदार्थों की समय -समय- पर निगरानी करें , एवं मिलावटी सामग्री पर विधिसम्मत कार्यवाही भी करें। उन्होंने ,गर्मी के समय बिकने वाले नकली पेय पदार्थों से स्नायु तंत्र,गुर्दे, लीवर, हृदय व मांसपेशियों के लिए इसे घातक बताते हुए इससे दूर रहने की अपील की है।