कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत कियाअपनी कला का अद्भुत अंदाज।
सुरेन्द्र मिनोचा
मनेंद्रगढ़ /एमसीबी :- लिटिल मिलेनियम प्री स्कूल, अलास्का पब्लिक स्कूल और अलास्का कंप्यूटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं के द्वारा प्रगति मैदान, आमखेरवा में पहला वार्षिक उत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती प्रभा पटेल,नगर पालिका अध्यक्ष मनेन्द्रगढ़ के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया, दीप प्रज्वलन के दौरान शिक्षिकाओं द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य गीत की प्रस्तुति दी गई।

इस उत्सव में बच्चों ने “IKIGAI THY MISSION” थीम के तहत जीवन के उद्देश्य को सार्थकता से जोड़ा और एक अद्भुत नाटक का प्रदर्शन प्रस्तुत किया।
वार्षिक उत्सव के दौरान स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक, बॉलीवुड, क्लासिकल, नृत्य, नाटक,गीत आदि के द्वारा अपनी कला का प्रदर्शन किया। छोटे-छोटे बच्चों के थिरकते कदमों ने सभी का मनमोह लिया। बच्चों द्वारा माता-पिता के लिए एक दिल छू लेने वाला डांस प्रस्तुत किया तथा कॉलेज स्टूडेंट्स द्वारा प्रस्तुत किया गया हॉरर डांस की तो बात ही अलग थी।

वार्षिक उत्सव में अवार्ड वितरण का भी आयोजन किया गया, जिसमें कॉलेज के छात्र-छात्राओं, स्कूल के बच्चों तथा उनके माता पिता, दादा-दादी और नाना-नानी को अतिथियों द्वारा अवार्ड दिलाकर सम्मानित किया गया, इस वार्षिक उत्सव में सत्र 2023-24 मे आयोजित हुए कार्यक्रम जैसे: दशहरा-दिवाली कैंपेन, गरबा रास, वार्षिक खेलकूद, ग्रैंड पेरेंट्स सेलिब्रेशन के विजेताओं को विभिन्न अवार्ड से पुरस्कृत किया गया और सत्र 2023-24 के कॉलेज के छात्र-छात्रा मिस्टर शिवम कुमार गुप्ता और मिस सोफिया अंसारी को स्टूडेंट ऑफ द ईयर के अवार्ड से सम्मानित किया गया।

समारोह को आगे बढ़ाते हुए लिटिल मिलेनियम प्री स्कूल के सीनियर केजी (केजी 2) के छात्र-छात्राओं के लिए ग्रेजुएशन डे का आयोजन भी किया गया। जिसमें सभी बच्चों को अलग-अलग टाइटल देखकर सम्मानित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई।समारोह के अंत में अलास्का ग्रुप आफ एजुकेशन के संचालक मो. फिरोज मंसूरी व सह-संचालक श्रीमती रुहीन मंसूरी के द्वारा कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती प्रभा पटेल को शाल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान श्रीमती प्रभा पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि नन्हे – मुन्ने बच्चों के डांस, ड्रामा आदि ने उनका मन मोह लिया, साथ ही साथ उन्होंने कॉलेज के छात्र-छात्राओं की प्रस्तुति की तारीफ की। अंत में उन्होंने अलास्का ग्रुप आफ एजुकेशन के सभी सदस्यों का धन्यवाद करते हुए अपनी वाणी को विराम दिया।

इस अद्भुत उत्सव के बाद सभी अतिथियों, अभिभावक, और छात्र-छात्राओं के लिए एक शानदार डिनर भी आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अलास्का ग्रुप आफ एजुकेशन के संचालक मो. फिरोज मंसूरी, सभी शिक्षक शिक्षिकाओं एवं सभी सह-कर्मियों का अभूतपूर्व योगदान रहा।

