परलकोट की लाइफ लाइन राज्यीय राजमार्ग-25 की बदहाली पर सांसद ने लिया संज्ञान, प्रशासनिक अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार
पखांजूर/परलकोट – परलकोट क्षेत्र की लाइफ लाइन माने जाने वाले राज्यीय राजमार्ग क्रमांक-25 की बदहाल स्थिति को लेकर अब क्षेत्रीय लोगों की परेशानी पर सांसद भोजराज नाग ने कड़ा रुख अपनाया है। लंबे समय से सूरजगढ़ रॉयल मेटल्स की माइंस से लौह अयस्क लेकर गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण सड़क के क्षतिग्रस्त होने और आम लोगों को हो रही परेशानियों की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। यह मामला महीनों से स्थानीय समाचार पत्रों एवं मीडिया चैनलों की सुर्खियों में भी बना हुआ है।
इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी। इसी गंभीर समस्या का सांसद भोजराज नाग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए सोमवार, 31 अगस्त को अपने एक दिवसीय परलकोट प्रवास के दौरान सड़क की वास्तविक स्थिति का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
*बड़गांव से मरोड़ा तक लिया सड़क का जायजा*
सांसद भोजराज नाग ने बड़गांव से लेकर मरोड़ा तक राज्यीय राजमार्ग-25 का निरीक्षण किया। इस दौरान वे विभिन्न चौक-चौराहों पर रुककर स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों एवं आम नागरिकों से सीधे बातचीत करते नजर आए। उन्होंने लोगों से सड़क की स्थिति, भारी वाहनों के आवागमन तथा इससे होने वाली परेशानियों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।
सांसद ने स्वयं राहगीरों के साथ पैदल चलकर सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और जर्जर हो चुके मार्ग का जायजा लिया। सड़क की स्थिति देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। स्थानीय लोगों ने बताया कि भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के चलते सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है, जिससे रोजाना आवागमन करने वाले ग्रामीणों, छोटे वाहन चालकों, स्कूली विद्यार्थियों तथा मरीजों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
*चिरपरिचित अंदाज में सांसद नाग के सख्त तेवर*
मौके पर स्थिति का जायजा लेने के बाद सांसद भोजराज नाग ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को तलब कर समस्या के प्रति नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को आम जनता की परेशानी को गंभीरता से लेने और तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सांसद नाग ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता की जान और सुविधा से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मरोड़ा में बैरिकेड लगाकर सूरजगढ़ माइंस से निकलने वाले भारी-भरकम वाहनों के आवागमन पर तत्काल रोक लगाने के लिए प्रशासन को कड़े निर्देश दिए।
उनके सख्त तेवरों के बाद प्रशासनिक अमले में भी हलचल देखने को मिली। सांसद ने सड़क की वर्तमान स्थिति को देखते हुए भारी वाहनों के आवागमन से सड़क पर पड़ रहे अतिरिक्त दबाव तथा आम जनता को हो रही परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया।
*महीनों से उठ रही थी भारी वाहनों पर रोक की मांग* गौरतलब है कि परलकोट क्षेत्र के लोग लंबे समय से राज्यीय राजमार्ग-25 की खराब स्थिति को लेकर आवाज उठा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क पर लगातार भारी वाहनों के आवागमन के कारण मार्ग की स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। जगह-जगह बड़े गड्ढे बन चुके हैं और कई हिस्सों में सड़क की सतह पूरी तरह उखड़ गई है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि लगातार शिकायतों और मीडिया के माध्यम से मामला सामने आने के बावजूद अपेक्षित स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में सांसद भोजराज नाग के मौके पर पहुंचकर स्वयं सड़क की स्थिति देखने और प्रशासन को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देने से लोगों को अब समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।
*जनता के बीच पहुंचकर समस्या समझने की पहल*
सांसद भोजराज नाग का यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि उन्होंने अधिकारियों की रिपोर्ट पर निर्भर रहने के बजाय स्वयं सड़क पर उतरकर आम जनता से बातचीत की और समस्या की वास्तविकता को समझने का प्रयास किया। बड़गांव से मरोड़ा तक विभिन्न स्थानों पर रुककर उन्होंने स्थानीय लोगों की बात सुनी और सड़क की दुर्दशा को प्रत्यक्ष रूप से देखा।
क्षेत्रवासियों ने सांसद के इस कदम का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि भारी वाहनों पर तत्काल नियंत्रण के साथ-साथ राज्यीय राजमार्ग-25 की मरम्मत एवं मजबूतीकरण का कार्य भी जल्द शुरू होगा।
अब देखने वाली बात होगी कि सांसद के सख्त निर्देश के बाद स्थानीय प्रशासन भारी वाहनों के आवागमन पर कितनी तेजी से प्रभावी रोक लगाता है और परलकोट की लाइफ लाइन कही जाने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क के स्थायी सुधार की दिशा में क्या कदम उठाए जाते हैं।
