दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में मनाया गया वसंत पंचमी उत्सव।

सुरेन्द्र मिनोचा
मनेंद्रगढ :- शहर के सुप्रसिद्ध दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेन्द्रगढ़ में वसंत पंचमी के सुअवसर पर पीत परिधानों से सुसज्जित,भक्ति एवं श्रद्धा भाव से सराबोर विद्यालय के छात्र- छात्राओं, उनके अभिभावक, शिक्षक- शिक्षिकाएं, विद्यालय के निदेशक-निदेशिका तथा प्राचार्य की सहभागिता का अनूठा संयोग देखने को मिला।

मंत्रोच्चार एवं शंखनाद के साथ विद्यालय परिसर भक्तिमय हो गया। विद्यालय के चेयरमैन दंपत्ति रमेश सिंह वकील एवं श्रीमती मीरा सिंह द्वारा विधि-विधान के साथ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना की गई। माँ सरस्वती की आरती के पश्चात पुष्पांजलि द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष उपस्थित सभी व्यक्तियों द्वारा अपनी भावनाओं का अर्पण किया गया।विद्यालय के निदेशक वेंकटेश सिंह, निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह तथा प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार तिवारी द्वारा सभी को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दी गई और अंततः विद्यालय परिवार द्वारा अभिभावक तथा विद्यार्थियों के समक्ष प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

गौरतलब है कि विद्यालय परिसर में ही माँ सरस्वती की संगमरमर निर्मित भव्य प्रतिमा स्थाई रूप से स्थापित है, जिनके पूजन की प्रकिया को विद्यालय के पी टी आई प्रेम कुमार वर्मा द्वारा प्रतिदिन संपन्न किया जाता है।