कलेक्टर  मलिक ने अग्निवीर भर्ती के लिए युवाओं का अधिक से अधिक पंजीयन के दिए निर्देश।

प्रमोद दुबे 

महासमुंद :- कलेक्टर  प्रभात मलिक ने अग्निवीर भर्ती अभियान के लिए स्कूल और महाविद्यालयों में 17 1/2 से 21 वर्ष आयु वर्ग के अध्ययनरत स्कूली, आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक के विद्यार्थियों के प्रशिक्षण के लिए निर्धारित तिथि तक ऑनलाईन पंजीयन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आज वन विद्यालय के प्रशिक्षण केन्द्र में जिले के उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्य, पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई के प्राचार्यों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि यह जिले के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। प्रत्येक संस्थान कम से कम 50 विद्यार्थियों का पंजीयन अनिवार्य रूप से करें। इसके अलावा उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकासखण्ड में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाए। उन्होंने जिला रोजगार अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि हायर सेकेण्डरी एवं महाविद्यालयों में जो बच्चे अध्ययनरत है अथवा उस आयु वर्ग में शामिल है, ऐसे बच्चों का चिन्हांकन कर शारीरिक दक्षता एवं मानसिक दक्षता के लिए विशेष कैम्प लगाकर प्रशिक्षण देवें। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी लोक सेवा केन्द्रों एवं च्वॉईस सेंटर में अग्निवीर भर्ती परीक्षा के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की फीस प्रति आवेदन 30 रुपए से अधिक न हो इसका ध्यान रखा जाए। बैठक में थल सेना के सहायक भर्ती अधिकारी  सतीश सिंह, जिला रोजगार अधिकारी  ए.ओ. लॉरी,  रेखराज शर्मा मौजूद थे।
भारतीय थलसेना द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य के युवाओं को भारतीय थलसेना में अग्निवीर भर्ती के लिए सुनहरा अवसर दिया जा रहा है। उप संचालक रोजगार  लॉरी ने बताया कि भारतीय थलसेना में ऑनलाईन पंजीयन एवं आवेदन 8 फरवरी से 21 मार्च 2024 तक किया जा सकता है।