प्रभु श्री राम की भक्ति में लीन दिखा स्कूल।
सुरेन्द्र मिनोचा
मनेंद्रगढ :- आगामी 22 जनवरी को आयोजित श्री राम जन्मभूमि अयोध्या में प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर इस समय पूरा देश भगवान राम की भक्ति में डूबा हुआ है।

इसी कड़ी में मनेंद्रगढ के नामचीन एवं सुप्रसिद्ध दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में विद्यालयीन छात्र- छात्राओं द्वारा एक विशेष सभा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत रामलला की प्रतिमा के समक्ष पूर्व न्यायाधीश व विद्यालय के निदेशक व्यंकटेश सिंह, निदेशिका पूनम सिंह तथा प्राचार्य डॉ० बसन्त कुमार तिवारी द्वारा दीप प्रज्वलन, पुष्प अर्पण तथा रामलला की पूजा अर्चना के साथ की गई।

विद्यालय के नौनिहालों द्वारा रामलला की विभिन्न झांकियां प्रस्तुत की गई। गणितज्ञ तथा लोकप्रिय शिक्षक अमित तिवारी द्वारा अपने संभाषण में श्री राम के चरित्र का वर्णन करते हुए छात्र- छात्राओं का पथप्रदर्शन किया गया।

“राम आयेंगे तो अंगना सजाऊंगी”, “मेरे श्री राम आयेंगे” जैसे सुप्रसिद्ध गानों की लयबद्ध संगीतमय प्रस्तुति ने पूरे माहौल को भक्तिमय कर दिया। इसके अलावा छात्र- छात्राओं द्वारा नृत्य एवं कविता जैसे विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई। विद्यालय की शिक्षिका प्रतिभा सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
