विजय इंग्लिश मीडियम स्कूल में मनाया गया राष्ट्रीय युवा दिवस।

संस्था के वार्षिक क्रीड़ा दिवस का भी किया गया आयोजन।

सुरेन्द्र मिनोचा
मनेन्द्रगढ़ :- नगर के विद्यालय विजय इंग्लिश मीडियम हायर सेकेण्डरी स्कूल में स्वामी विवेकानन्द जी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया गया और संस्था का वार्षिक क्रीड़ा दिवस भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर संस्था में विभिन्न प्रकार की खेल-कूद प्रतियोगिताओं आदि का आयोजन किया गया।


संस्था प्राचार्य श्रीमती इन्द्रा सेंगर एवं विद्यालय के शिक्षकों के द्वारा स्वामी विवेकानन्द जी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम को आरंभ किया गया।संस्था प्राचार्य श्रीमती सेंगर ने स्वामी विवेकानन्द की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने के लिए कहा। उन्होनें कहा कि स्वामी विवेकानन्द हमारे लिए बहुमूल्य धरोहर हैं।वे अपने आदर्शों और विचारों से हमारे बीच आज भी जीवित हैं।उनके विचार वर्तमान में तो प्रासंगिक हैं

और भविष्य में भी प्रासंगिक ही रहेंगे। श्रीमती सेंगर ने कहा कि यदि हम उनके सिर्फ इस एक विचार ‘‘उठो जागो और तब तक मत रूको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति ना हो जाये’’ को अपने जीवन में उतार ले या उतारने का प्रयास भी करें तो हम अपना जीवन सार्थक कर सकते हैं।वहीं संस्था सचिव संजय सेंगर, संस्था के शिक्षक एवं खेल प्रभारी राममनोहर साह, संस्था शिक्षक राकेश मिश्रा एवं निशांत मौर्य ने भी स्वामी विवेकानन्द जी के जीवन से संबंधित बातों पर प्रकाश डाला।


संस्था वार्षिक क्रीड़ा दिवस के आयोजन पर विभिन्न प्रकार की क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें बैडमिंटन, शतरंज, ऊंची कूद, लम्बी कूद, गोला फेक, रस्सी दौड़, लंगड़ी दौड़, जलेबी दौड़, कुर्सी दौड़ एवं गुब्बारा फुलाओ आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें संस्था के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संस्था के खेल प्रभारी राममनोहर साह ने बताया कि इस प्रतियोगिता का परिणाम जल्द ही घोषित किया जावेगा। उन्होने इस वार्षिक क्रीड़ा के आयोजन को सफल बनाने में संस्था के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया।