सुरेन्द्र मिनोचा
मनेन्द्रगढ़ :- सर्दी की रातें गरीबों के लिए बहुत भारी पड़ती हैं। उन्हें तलाश रहती है किसी ऐसे मसीहा की जो आकर उनको ठंड से बचा सके। ठिठुरते हुई रात न गुजारनी पड़े। बहुत से गरीब इन सर्दी की रातों में खुले आसमान के नीचे कांपते रहते हैं। लेकिन समाज में कुछ ऐसे भी लोग होते हैं जो गरीबों की पीड़ा को समझते हुए नेक कार्य के लिए आगे आते हैं।हम बात कर रहे हैं वार्ड नंबर 16 शासकीय स्कूल प्राथमिक शाला आमाखेरवा में अध्ययन कर रहे हैं उन अति गरीब बच्चों की जो कूड़कू मोहल्ला और केवट मोहल्ला से स्कूल आते हैं। बढ़ते ठंड के कारण इनका हाल बेहाल था जिस कारण से इनका स्कूल में आना भी कम ही हो पाता था सभी बच्चे स्कूल पढ़ने आ सके इस उद्देश्य से मनोज नेताम एवं उनकी पत्नी द्वारा बीते शुक्रवार को स्कूल के 47 बच्चों को गर्म कपड़ा, जैकेट एवं स्वेटर दिया गया।बच्चे कपड़े पाकर खुश हुए। नेताम दम्पति ने बच्चों के बीच गर्म कपड़ों आदि का वितरण कर लोगों को मानव सेवा के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर समाजसेवी मनोज नेताम ने कहा कि गरीबों के लिए सर्दी का मौसम काफी कष्टप्रद रहता है। गर्मी में तो काम चल जाता है, कहीं भी पड़े रहो इतनी दिक्कत नहीं होती लेकिन सर्दी में उनके लिए भारी मुसीबत होती है। इन सभी को देखते हुए बच्चों के लिए गर्म कपड़ों का वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य में हमें काफी खुशी होती है।

