प्रमोद दुबे
जिले के जलाशयों में जल भराव और सिंचाई की समीक्षा की गई।
रबी फसल के लिए जल भराव के अनुरूप पानी देने पर सहमति।
महासमुंद :– कलेक्टर प्रभात मलिक की अध्यक्षता में आज यहां कलेक्टोरेट के महानदी सभाकक्ष में जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक हुई। बैठक में महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा व सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरीनंद विशेष रूप से उपस्थित थे।
कलेक्टर मलिक ने जिले के वृहद, मध्यम एवं लघु सिंचाई जलाशयों से रबी फसल सिंचाई तथा निस्तारण हेतु आवश्यक जल को सुरक्षित रखने के संबंध में समीक्षा की। बैठक में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि किसानों की मांग और जलभराव के आधार पर रबी फसल सिंचाई हेतु किसानों को जल प्रदाय किया जाए। उन्होंने कहा कि नहर में जल प्रवाह के दौरान किसी तरह नहर के तटों को काटकर पानी के उपयोग पर पाबंदी लगाया जाए। कोशिश हो कि अंतिम छोर तक पानी खेतों तक पहुंचे। उन्होंने कोडार जलाशय से प्रस्तावित 11 ग्रामों के अलावा ग्राम गढ़शिवनी को भी रबी फसल हेतु पानी देने की बात कही। इसी तरह सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरीनंद ने अंचल के पानी रिसाव व नहरों के मरम्मत के लिए प्रस्ताव बनाने कहा तथा जलाशयों के गेट से होने वाले लिकेज को मरम्मत कर सुधरवाने के निर्देश दिए। बैठक में जिले के सभी जलाशयों में जल भराव की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में बसना विधायक प्रतिनिधि प्रकाश चंद्रा, मोहन साहू, बंटी शर्मा, जल उपयोगिता समिति के सदस्य गण जनपद सभापति रमाकांत ध्रुव व सदस्य सत्यभान जेंड्रे, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व उमेश साहू, जल संसाधन विभाग के समस्त अनुविभागीय अधिकारी, कृषि उप संचालक श्री एफ.आर. कश्यप, पीएचई डी.पी. वर्मा मौजूद थे।
