कृषकों ने कलेक्टर कोरिया से की शिकायत।
सुरेन्द्र मिनोचा
बैकुंठपुर/कोरिया :- छत्तीसगढ़ राज्य में 1 नवंबर से धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।ऐसे में जिले की जामपारा धान खरीदी केंद्र में अनियमितता बरते जाने का मामला प्रकाश में आया है,जहां वर्तमान में पदस्थ धान खरीदी केंद्र प्रभारी एवं उनके कर्मचारियों पर किसानों ने पैसे लिए जाने का आरोप लगाया है। मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 29 /12/ 2023 को कृषक कुंज बिहारी पैकरा पिता स्वर्गीय बुधराम पैकरा धान बेचने समिति गया हुआ था इस कृषक से ₹800 धान खराब होना बताकर और ₹1000 हमाली के नाम पर लिया गया है।

वहीं भारत पिता सोमारसाय से भी खरीदी प्रभारी के रखे हुए कर्मचारियों के द्वारा 800 रू.लिया गया है। बताया जाता है कि जामपारा धान खरीदी केंद्र प्रभारी अजय साहू हमेशा से ही विवादों में घिरे रहते हैं,परंतु अपनी पहुंच और दबदबे के कारण आज तक इन पर किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं होती दिखाई पड़ रही है। जिसके परिणाम स्वरुप कई प्रकार के सवाल खड़े किए जा रहे हैं। लोगों द्वारा यह भी आशंका व्यक्त की जा रही है कि सहकारिता विभाग के एक अधिकारी के खुले संरक्षण में धान खरीदी प्रभारी के द्वारा बड़े पैमाने पर फर्जी धान खरीदी दर्ज कर फर्जी परिवहन दिखा कर डी ओ एडजेस्ट करते हुए शासन को करोड़ों रूपये का चूना लगाया जा रहा है,बताया जाता है कि पूर्व में समिति के अध्यक्ष द्वारा इसकी शिकायत दर्ज भी कराई गई है।

धान खरीदी केंद्र धौराटिकरा प्रबंधक अजय साहू धान खरीदी केंद्र प्रभारी बन कर जब से जामपारा में आए हैं विवादों में हैं। कभी मारपीट, कभी समिति जामपारा के अध्यक्ष को अपमानित करना, कभी महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करना। हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो में अजय साहू को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यवाहक जिला अध्यक्ष के साथ वाद विवाद करते हुए भी देखा जा सकता है।

बैकुंठपुर सिटी कोतवाली में कई आवेदन इनके खिलाफ एस सी एसटी की जांच में विचाराधीन है।यदि समिति में धान स्टॉक का भौतिक सत्यापन कराया जाए तो कई हजार बोरी अभी भी नहीं मिलेंगे,अब देखना यह है कि कार्यवाही होती है या ले देकर मामला खतम किया जाता है।
