विकसित भारत संकल्प यात्रा : वंचित हितग्राहियों को लाभान्वित करने हो रही कार्यवाही।

 प्रमोद दुबे 

महासमुंद :- प्रत्येक पात्र व्यक्ति को केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए उसे लाभान्वित करने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रारंभ की गई है।  01 जनवरी को पिथौरा जनपद के ग्राम पंचायत लहरौद, सरायपाली जनपद के ग्राम पंचायत केजुवा, बसना जनपद के ग्राम पंचायत दूधीपाली में विकसित भारत संकल्प की मोबाइल वैन पहुंची जहां पर स्वागत समिति द्वारा संकल्प यात्रा की मोबाईल वैन का स्वागत किया गया। वैन के माध्यम से प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के संदेश का वाचन किया गया। विकसित भारत के निर्माण के लिए सभी ने शपथ ली। चलचित्र के माध्यम से विकसित भारत के उद्देश्य की जानकारी दी गई।
पिथौरा के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री हेमंत नंदनवार ने विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान जनपद सीईओ  चंद्रप्रकाश मनहर उपस्थित थे। शिविर में केन्द्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थी ’मेरी कहानी मेरी जुबानी’ पहल के तहत अपने अनुभव साझा किए। महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत बच्चों के लिए सुपोषण किट एवं गोद भराई कार्यक्रम अंतर्गत गर्भवती माताओं को सुपोषण किट प्रदान किया गया। कार्यक्रम में खाद्य विभाग, राजस्व विभाग, मत्स्य विभाग, लीड बैंक, आयुष विभाग, कृषि विभाग द्वारा केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाईयों का वितरण किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।