
प्रमोद दुबे
महासमुंद :- शासन की सभी प्रमुख योजनाओं को प्रदेश के प्रत्येक कोने के हर व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा संचालित की जा रही है। यह यात्रा ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत वार चलाई जा रही है। जनप्रतिनिधि इस यात्रा का नेतृत्व कर योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ हितग्राहियों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में आज महासमुंद ब्लाक के ग्राम परसदा में महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ मिलकर विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से ग्राम वासियों को जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में अवगत कराया। विधायक सिन्हा ने कहा कि यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी गाड़ी है। विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रदेश के जन जन तक यह गाड़ी पहुंचकर उन्हें विकास की दौड़ में भागीदारी बनाएगी और सरकार की योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि मोदी जी का सपना है की हर गरीब की उन्नति और प्रगति हो उसके लिए काम कर रहे है । उन्होनें कहा कि सभी योजनाओं का लाभ पात्रतानुसार अवश्य उठाए। कार्यक्रम में सिन्हा ने विभागीय योजना स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने स्टॉल प्रभारी और हितग्राहियों से चर्चा कर योजना का लाभ देने के निर्देश दिए ।उन्होंने महिला बाल विकास विभाग के स्टाल पर छह माह के बच्चो को खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती सुधा साहू, श्री राकेश चंद्राकर, संदीप दीवान, सरपंच, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में हितग्राही मौजूद थे।
