कवयित्री सम्मेलन का आयोजन किया गया।

गोमतीनगर/लखनऊ :- शुक्रवार को करुणा साहित्यिक सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था के अंतर्गत मध्याह्न -२:३० बजे से कवयित्री सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संस्था की संस्थापक एवं अध्यक्ष आर्यावर्ती सरोज “आर्या” के आवास ओमैक्स हाईट्स विभूति खंड, गोमतीनगर लखनऊ में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां वीणा पाणी के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर सरस्वती वंदना से से हुआ। सरस्वती वंदना डॉ रेनू द्विवेदी ने किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सुश्री माधुरी रोहतकी , मुख्य अतिथि सुश्री निवेदिता , विशिष्ट अतिथि रेनू वर्मा, एवं शानदार संचालन का कार्य ज्योत्सना सिंह ने किया। कवयित्री शीला पाण्डेय, सीमा मधुरिमा, अलका अस्थाना, अर्चना प्रकाश, सुरभि सिंह,पूजा खत्री, ने काव्य पाठ कर कार्यक्रम में शमा बांध दिया। “कुछ टूटा कुछ फूटा था चांद वो मम्मा से रूठा था ” बाल कविता की प्रस्तुति देकर संचालन कर रही ज्योत्स्ना जी ने सभी को अपने बालपन से रूबरू कराया। शीला पाण्डेय जी ने आंचलिक गीत पढ़ कर गांव का भ्रमण कराया तो अर्चना प्रकाश जी ने जाने वाले वर्ष को विदा कर आने वाले वर्ष का स्वागत किया।

अलका अस्थाना ने मां वीणा पाणी की स्तुति के साथ श्रृंगार का रसपान कराया तो सीमा मधुरिमा जी ने स्त्री विमर्श पर काव्य पाठ कर सभी कवयित्रियों को अपने अधिकारों का भान कराया। पूजा खत्री जी ने स्त्री की समाज द्वारा निर्धारित परिधि की संकल्पना से रूबरू कराया तो रेनू वर्मा जी ने श्रृंगार रस से महफ़िल को सराबोर कर दिया। सुरभि सिंह ने श्रृंगार पढ़ प्रेमिल रसपान कराया। निवेदिता जी ने दोहे, कहमुकरी और माहिया सुना कर सबका मन मोह लिया। इस कार्यक्रम की अध्यक्ष और सबसे बुजुर्ग वरिष्ठ कवयित्री माधुरी रोहतकी जी ने अपनी सखी रचना द्वारा सभी का मन गदगद कर दिया। श्रृंगार और देशभक्ति के वो कुछ मुक्तक और देशभक्ति गीत का पाठ कर संस्था की संस्थापक एवं अध्यक्ष आर्यावर्ती सरोज “आर्या” ने सभी के दिलों में देशभक्ति का जज्बा जगाया।अंत में धन्यवाद ज्ञापित कर आर्या ने कार्यक्रम का इति श्री किया।