कोरोना वैक्सीनेशन कराने के लिए कर रहे हैं प्रेरित
रेडी टू ईट फूड का भी हुआ वितरण

रायपुर ।
कोरोना महामारी काल में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका अपने काम को लेकर एक योद्धा की भॉति लोगो की सेवा में लगी हुई है । अप्रैल माह के प्रथम मंगलवार को रेडी टू ईट फूड का वितरण कराया गया साथ ही गर्भवती महिलाओं और शिशुवती महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण तथा छह वर्ष तक के बच्चों के प्रारंभिक देखरेख और शिक्षा के साथ-साथ पोषण स्तर संबंधी संपूर्ण जिम्मेदारीयों का निर्वहन भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किया जा रहा है।
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम वार्ड क्रमांक 19 एवं रामकृष्ण परमहंस वार्ड नंबर 20 गुढ़ियारी में विधायक विकास उपाध्याय द्वारा कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम का अवलोकन भी किया गया ।
आज सुबह जैसे ही घर के दरवाजे को किसी ने खटखटाया , पुष्पा ने दरवाजा खोला तो बाहर आंगनबाड़ी दीदी और सहायिका दीदी खड़ी हुई थी, उन्होंने पुष्पा को बताया, “घर में जो भी 45 वर्ष से ऊपर आयु के महिला या पुरुष हैं उन्हें अपने नजदीक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर टीका लगवाना है ।इसके बाद पुष्पा ने यह जानकारी अपने परिवार के 45 वर्ष से ऊपर के सदस्यों को दी इस दौरान कार्यकर्ता और सहयिका दीदी ने पुष्पा के छोटे बच्चे के लिए रेडी टू ईट फूड भी दिया”।
इस बारे में गुढ़ियारी सेक्टर की पर्यवेक्षक रीता चौधरी ने बताया “महिला एवं बाल विकास विभाग रायपुरकी वार्षिक कार्ययोजना के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को रेडी टू ईट का वितरण घर घर जाकर लाभार्थियों को किया जाता है । इस बार विशेष रूप से रेडी टू ईट के वितरण से पूर्व और उपरांत हितग्राहियों को यह भी जानकारी दी जा रही है कि आपके नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र पर निशुल्क कोरोना टीकाकरण का व्यवस्था की गई है । घर में जो भी व्यक्ति 45 वर्ष की आयु से अधिक है वह जा कर अपना रजिस्ट्रेशन करा ले और वैक्सीनेशन कराएं वैक्सीनेशन परिवार के साथ-साथ समाज और देश को भी सुरक्षा प्रदान करता है ।वैक्सीनेशन के उपरांत भी मास्क और शारीरिक दूरी जैसे नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करें । कोरोना संक्रमण काल में नियमित रूप से हाथ को धोना मास्क और शारीरिक दूरी का पालन भी करते रहना है ।”
पर्यवेक्षक चौधरी ने बताया ‘’आंगनबाड़ी केंद्र की लक्ष्मी तिवारी ने अपने मोहल्ले के बुजुर्ग व्यक्ति को साथ ले जाकर कोरोना टीकाकरण करवाया ।आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ना सिर्फ घर घर जाकर टीकाकरण की जानकारियां दे रही हैं बल्कि लोगों को टीकाकरण केंद्र में पहुंचाना और उनकी देखरेख का काम भी कर रही है। ’’
उन्होंने कहा “रायपुर नगर निगम के समस्त सामुदायिक भवन में टीकाकरण का कार्यक्रम करवाने के लियें जिला महिला बाल विकास रायपुर के जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पांडे ने समस्त पर्यवेक्षकों की बैठक लेकर कार्य योजना बनाई जिसके तहत कोरोना टीकाकरण कार्य किया जा रहा है ।”
