गरियाबंद :- संयुक्त सचिव भारत सरकार एवं जिला प्रभारी विकसित भारत संकल्प योजना श्री पंकज बोड़खे ने राजिम स्थित सर्किट हाउस में विकसित भारत संकल्प योजना के नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पूरे राज्य भर में चलाये जा रहे विकसित भारत संकल्प योजना का लक्ष्य केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों को दिलाना है। इन प्रमुख योजनाओं में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, किसान क्रेडिट योजना, जल-जीवन मिशन, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना प्रमुख है। इन योजनाओं से जुड़े सभी पात्र हितग्राहियो को इसका अधिक से अधिक लाभ मिल सके इसके लिए अधिकारी योजना बनाकर और आपसी समन्वय से काम करें ।

सम्बंधित विभागीय अधिकारी इस बात का ध्यान रखें कि जो भी कार्य किये जा रहे उनकी रिपोर्टिंग पोर्टल पर अनिवार्य रूप से करें क्योंकि केन्द्र स्तर पर योजनाओं के संतृप्तीकरण के आधार पर जिलों को रैंकिंग दी जायेगी और हमारा लक्ष्य है कि गरियाबंद जिला पूरे प्रदेश मे शीर्ष स्थान पर आये। उन्होंने इस दौरान कहा कि भारत सरकार आगामी 25 वर्षो में विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य के साथ कर रही है और इसी दिशा में अपनी महत्वपूर्ण योजनाओं से शत प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने की इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा 25 जनवरी तक जारी रहेगी, इसके साथ ही यात्रा के दौरान सिकल सैल एवं एनीमिया के मरीजों का स्क्रीनिंग करते हुए जल्द ही उपचार प्रबंधन पर ध्यान देवें। साथ ही आयुष्मान कार्ड हेतु पात्र हितग्राही वार एवं परिवारवार नीति अपनायें।

इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि विगत छः माह में जिले में लगभग 90 हजार से अधिक आयुष्मान कार्ड, आजीविका मेला के माध्यम से 17 करोड़ का ऋण एवं 45 हजार से अधिक का लोगों को घर पहुंच पेंशन का लाभ प्रदान किया गया है। इस पर बोड़खे ने कहा कि गरियाबंद जिले के अधिकारियों द्वारा बहुत सारी योजनाओं में अच्छे कार्य किये है।

उन्होंने कहा कि आगामी समय में भी इस तरह के कार्य करें, ताकि सभी पात्र हितग्राहियों को लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि इस अभियान में अच्छे कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित करें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती रीता यादव द्वारा भी विकसित भारत संकल्प यात्रा की रूपरेखा, उसके क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा की तैयारी के लिए दिवस प्रभारी व वेन प्रभारी अधिकारी की नियुक्ति की गई है। जिले में 2 प्रचार गाड़ी उपलब्ध थी लेकिन आज प्रदेश से 3 गाड़ी और आ रही है। जिससे कार्यक्रमों के बेहतर संचालन में वृद्धि होगी। विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है। इस अवसर पर एसडीएम धनंजय नेताम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.सी उरांव, उप संचालक कृषि चंदन राय, जिला खाद्य अधिकारी सुधीर चन्द्र गुरू, जनपद सीईओ श्रीमती पदमिनी हरदेल, अजय पटेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री अशोक पाण्डेय, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
