लिटिल मिलेनियम प्री-स्कूल एवं अलास्का पब्लिक स्कूल में द्वितीय वार्षिक खेल दिवस का आयोजन।

सुरेन्द्र मिनोचा
मनेंद्रगढ़ :-लिटिल मिलेनियम प्री-स्कूल एवं अलास्का पब्लिक स्कूल में खेलों का उत्सव माता-पिता और बच्चों ने जोश और जुनून के साथ मनाया।मनेन्द्रगढ़ के प्रगति मैदान अमाखेरवा में 15 और 16 दिसंबर 2023 को खेल दिवस प्रतियोगिता रखी गई थी। जिसमें बच्चों ने हर्ष और उल्लास के साथ भाग लिया।इस खेल दिवस ने ना सिर्फ नन्हे फूलों को, बल्कि उनके माता-पिता को भी खेल के मैदान में उतार दिया।दो दिनों तक चली इस खेल महिमा ने हर कदम पर खुशियाँ, हंसी और उत्साह का रंग बिखेरा।छोटे-छोटे पैरों की दौड़, हवा में फड़फड़ाते रिबन, आत्मविश्वास से भरी आवाज़ों ने इस खेल दिवस को मात्र एक प्रतियोगिता से कहीं ऊपर उठा दिया।
पहले दिन, इस खेलगाथा में 15, 20, 25, 30 मीटर रेस, ऑब्सटिकल रेस, ग्रेप्स ईटिंग रेस, वाटर फिलिंग रेस इत्यादि रेस का आयोजन किया गया।
वहीं दूसरे दिन, राष्ट्रगान के साथ हुए कार्यक्रम के आगाज ने बच्चों के उत्साह को और बढ़ा दिया। इसके बाद रंगारंग डांस प्रस्तुतियों ने दर्शकों को तालियां बजाने पर विवश कर दिया।वहीं मेंढक दौड़ प्रतियोगिता ने सबका मन मोह लिया।माता-पिता अपने बच्चों के साथ कदम से कदम मिलाकर दौड़ते, हवा में उछलते, बाधाएं पार करते नज़र आए. हर चेहरे पर खेल भाव और जीत की ललक साफ झलक रही थी। हर बच्चे की कोशिश को सराहा गया, हर प्रयास को हौसला दिया गया।विजेताओं को प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इस खेल दिवस का श्रेय निसंदेह निर्देशक मो. फिरोज़ मंसूरी को जाता है, जिनके नेतृत्व और समर्पण ने इस आयोजन को सफल बनाया।उनकी सहायक टीम इलियास खान, शहाबुद्दीन अंसारी, निशि विश्वकर्मा, स्मृति गुप्ता, रोहिणी फारकासे, नेहा यादव, शबनम अंसारी, तेजस्विनी नामदेव, तस्लीम मंसूरी, रूपा केवट, पायल गजवानी, उमा तिवारी और शांति के सहयोग ने भी इस उत्सव को यादगार बनाया।