राजनीतिक गलियारों में हलचल,सियासी बाजार गर्म।

सुरेन्द्र मिनोचा
एमसीबी :- मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज होती नजर आ रही है,जहां एक तरफ विनय जायसवाल का कांग्रेस के सर्वे के आधार पर टिकट काटा गया है तो वहीं टिकट कटने के बाद से लगातार विधायक डॉक्टर विनय जायसवाल जनता के बीच जा कर शक्ति प्रदर्शन कर कांग्रेस पार्टी के आला कमान तक अपनी आवाज पहुंचाने की कोशिश में लगे हुए हैं।वहीं दूसरी तरफ यह भी जानकारी मिली है कि इस मामले में मनेंद्रगढ़ विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रमेश सिंह ने विधायक डॉक्टर विनय जायसवाल को मना लेने की बात कही है।सूत्रों के मुताबिक विधायक डॉक्टर विनय जायसवाल ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है।जबकि इस बात पर कांग्रेस प्रत्याशी रमेश सिंह ने जानकारी नहीं होने की बात कही है।मनेंद्रगढ़ विधानसभा में जहां एक ओर सियासी बाजार गर्म दिखाई दे रहा है तो वहीं दूसरी ओर मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर में कांग्रेस खेमे में बीते कई दिनों से हलचल मची हुई है।विधायक डॉ विनय जायसवाल जनता के बीच जाकर राजनीतिक सुझाव लेने के साथ जनता का मन भांपने में लगे हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को विनय जायसवाल के घर पर उनके समर्थक पहुंचे हुए थे और सभी डॉक्टर विनय जायसवाल का साथ देने तथा चुनाव लड़ने की बात कह रहे हैं,डॉक्टर विनय जायसवाल के समर्थन में कुछ कांग्रेसी नेताओं के इस्तीफा देने की बात भी सामने आ रही है।वहीं डॉक्टर विनय जायसवाल के घर के बाहर काफी गहमा गहमी देखने को मिल रही है जहां लगातार उनके समर्थकों के आने जाने का सिलसिला जारी है।
विनय जायसवाल के समर्थकों ने कहा कि डॉक्टर साहब को टिकट नहीं मिलने से वह स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।वहीं कांग्रेस पार्टी उम्मीदवार रमेश सिंह ने अपने बयान में कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस की सरकार बनेगी एवं इस जिले का भरपूर विकास होगा।
डॉ विनय जायसवाल कांग्रेस परिवार में रहकर जनता की सेवा कर सकते हैं, जिससे कांग्रेस पार्टी में उनका कद और भी ज्यादा बढ़ेगा,आलाकमान के द्वारा कोई बड़ी जिम्मेदारी भी दी जा सकती है आम जनता चाहती है कि वह कांग्रेस में रहें। मनेंद्रगढ़ से कांग्रेस उम्मीदवार रमेश सिंह ने कहा कि डॉक्टर विनय जायसवाल को मनाने की बात चल रही है,उनको मनाने उनके घर गए थे लेकिन वह उस दिन रायपुर में थे।पुनः संपर्क कर रहा हूं और जल्द ही उन्हें मना लिया जाएगा।कांग्रेस एक परिवार है,परिवार में नोंक झोंक चलती है लेकिन बाद में सब ठीक होता है।
मनेंद्रगढ़ विधानसभा कांग्रेस बहुमत से जीत सकती है।
अब विनय जायसवाल को कांग्रेस के प्रत्याशी रमेश सिंह और कांग्रेस परिवार के वरिष्ठ कैसे मनाते हैं या इस मसले को किस प्रकार सुलझाया जाएगा यह तो आने वाला समय ही बता पाएगा।