सुरेन्द्र मिनोचा
मनेन्द्रगढ़ः- नगर के प्रतिष्ठित विद्यालय विजय इंग्लिश मीडियम में नवरात्रि उत्सव धूमधाम से मनाया गया।इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों के समूहों के मध्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
नवरात्रि के पावन पर्व के शुभ अवसर पर विजय इंग्लिश मीडियम स्कूल में विद्यार्थियों के मध्य नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का आरंभ संस्था के संस्कृत शिक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला के द्वारा प्रस्तुत माॅ सरस्वती की स्तुति के बीच विद्यार्थियों द्वारा निर्मित माता दुर्गा की प्रतिमा के आगे दीप प्रज्जवल के साथ हुआ। संस्था प्राचार्य श्रीमती इन्द्रा सेंगर ने माता दुर्गा के सम्मुख दीप प्रज्जवलन किया।संस्था की प्राचार्य इन्द्रा सेंगर ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं व विद्यालय परिवार को नवरात्रि की शुभकामनाओं के साथ आशीर्वचन दिया।इसके बाद संस्था की शिक्षिका शुभ्रा भट्टाचार्या ने माॅ दुर्गा की स्तुति प्रस्तुत की।इस अवसर पर विद्यार्थियों के मध्य नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसके अंतर्गत विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी प्रस्तुति दी। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के अमृतधारा ग्रुप ने प्रथम स्थान, मणिपुर ग्रुप ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। नंदनवन और चित्रकोट ग्रुप को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्रदान किया गया।इस नृत्य प्रतियोगिता में मधू कक्कड़,अरूणिमा सिंह, शुभ्रा भट्टाचार्या व अल्पना दास ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
वहीं फैन्सी ड्रेस कार्यक्रम के अंतर्गत नर्सरी से कक्षा पाॅचवीं तक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने देवी दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों को धारण कर अपना प्रदर्शन दिया। बच्चों ने माता दुर्गा, उनकी सवारी शेर, हनुमान जी के मोहक स्वरूप को धारण कर सभी लोगों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता से हटकर विद्यालय के विद्यार्थियों ने भक्ति गीत से ओत-प्रोत नृत्य भी प्रस्तुत किया।

उल्लेखनीय है कि इस नवरात्रि के अवसर पर विद्यालय को सजाने का कार्य भी कक्षा दसवीं के शुभम जायसवाल और फातिमा सैफी के नेतृत्व में किया गया। वहीं माता दुर्गा की प्रतिमा भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वयं ही बनाया है।पूरे कार्यक्रम को एक सूत्र में सजाने का कार्य संस्था की शिक्षिका पूनम सोरेन ने किया।बच्चों को नृत्य का प्रशिक्षण सहयोगी मनीष सोरेन ने दिया।कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था की शिक्षिका शारदा बरसैयां व शिक्षक राकेश कुमार मिश्रा ने किया।कार्यक्रम के अंत में संस्था सचिव संजय सेंगर ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं व विद्यालय परिवार को नवरात्रि की शुभकामनाए देते हुए कार्यक्रम के सफल प्रस्तुति के लिए आभार व्यक्त किया।
