कक्षा 12वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों को मिलेगी कोचिंग, ख्याति प्राप्त एलन कैरियर इंस्टीट्यूट देगा निःशुल्क कोचिंग।
एमओयू पर हुआ हस्ताक्षर
महासमुंद: – मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा इंजीनियरिंग एवं मेडिकल के प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए स्कूल शिक्षा विभाग की नवाचारी ’स्वामी आत्मानंद कोचिंग’ योजना का आज अपने निवास कार्यालय से ऑनलाइन शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री रविंद्र चौबे एवं विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इस योजना में ख्याति प्राप्त एलन कैरियर इंस्टिट्यूट ने सीएसआर के तहत निःशुल्क कोचिंग देने सहमति दी है।
विकासखंड के शासकीय स्कूलों में अध्यनरत 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने के लिए छत्तीसगढ़ शासन और एलन इंस्टिट्यूट के मध्य एम ओ यू पर हस्ताक्षर भी किए गए। गौरतलब है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शासकीय स्कूलों में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए इंजीनियरिंग तथा मेडिकल पाठ्यक्रम की प्रवेश परीक्षा की ऑनलाइन कोचिंग योजना की घोषणा की थी।
स्कूल शिक्षा विभाग की स्वामी आत्मानंद कोचिंग योजना के अनुसार प्रदेश के कक्षा दसवीं में 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी तथा कक्षा 12वीं में अध्यनरत विद्यार्थियों को कोचिंग दी जाएगी। इसी क्रम में आज स्वामी आत्मानंद कोचिंग आदर्श स्कूल महासमुंद में भी प्रारंभ हुआ। प्रारंभ अवसर पर 360 बच्चे मौजूद थे, जो मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन को सुने।
