वृद्धजन सुखी एवं स्वस्थ रहें,इनके अनुभव एवं आशीर्वाद का लाभ युवा पीढ़ी को मिले – कलेक्टर।

नई पीढ़ी को बुजुर्गों का आशीर्वाद नई शक्ति, नई ताकत प्रदान करता है।

सुरेन्द्र मिनोचा
मनेन्द्रगढ़ :- 01 अक्टूबर अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिले के जनपद पंचायत खड़गवां के सामुदायिक भवन में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें कलेक्टर नरेन्द्र कुमार दुग्गा, संयुक्त कलेक्टर सी.एस. पैकरा, एसडीएम अभिलाषा पैकरा, बी.एस.मरकाम, बृजेन्द्र सारथी शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।

कलेक्टर नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने सभी वृद्ध जनों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बुजुर्गों का अनुभव हमें मार्गदर्शन प्रदान करता है।उनके ज्ञान एवं अनुभव से हमें विभिन्न तरह के कार्य करने की प्रेरणा प्राप्त होती है जो कि जीवन के लिए महत्वपूर्ण है।उन्होंने वृद्धजनों के सुखी जीवन एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा आपका आशीर्वाद एवं अनुभव का लाभ अगली युवा पीढ़ी को मिलता रहे यही विश्वास है। हमें वृद्धजनों का सम्मान करने का अवसर मिला। आपके अच्छे कार्य एवं अनुभव जीवन जीना सिखाते है, मार्गदर्शन करते है। उन्होंने उपस्थित बच्चों को सम्बोधित करते हुए कहा कि बुजुर्गों को हर घर, हर परिवार में सम्मान देना चाहिए। बुजुर्गों का आशीर्वाद उनका आशीष हमेशा फलता फूलता है। हमें वृद्धजनों का सम्मान केवल वृद्धजन दिवस पर ही नहीं बल्कि हमारे दैनिक जीवन में भी उनका सम्मान करना चाहिए। हमेशा उनका आशीर्वाद लेना चाहिए, उनके आशीर्वाद से एक नई शक्ति मिलता है, एक नया ताकत मिलती है। हमें उनसे बहुत कुछ सीखने को मिलता है। वृद्धजनों में ज्ञान और अनुभव का अपार भण्डार होता है। उसकी तुलना नहीं की जा सकती है। आज भी लोग जब कोई बड़ा काम या शुभ कार्य या अन्य कोई विशेष कार्य करने घर से बाहर जाते है, तो अपने माता-पिता अपने बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर जाते है। क्योंकि उनका आशीर्वाद हमेशा उनके लिए शुभ होता है। उनकी रक्षा करता है। उनको संबल देता है। वृद्धजनों के अनुभव का लाभ आज के पीढ़ी के लोगों को लेना चाहिए। उन्होंने अकाल देखा है, भारी बारिश, सर्दी, गर्मी देखा है, सहन किया है। आज के पीढ़ी ने यह सब नहीं देखा है। पहले सुविधा कम थी लेकिन चुनौतियों उतनी ही थी। आज सुविधाए ज्यादा है। पर वृद्धजनों का सम्मान घटता जा रहा है। आज हम सबको प्रत्येक दिन वृद्धजन सम्मान करने की जरूरत है। कलेक्टर ने इस दौरान कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा वृद्धजनों एवं 80 वर्ष से अधिक तथा दिव्यांग मतदाता जो चलकर मतदान केन्द्र तक नहीं जा सकते है। उनके लिए होम वोटिंग की व्यवस्था यानी घर पर मतदान कराने की सुविधा मुहैया कराई जायेगी।

“कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर तथा एसडीएम ने किया वृद्ध जनों को सम्मानित”

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर तथा एसडीएम सहित अन्य उपस्थित जनों ने 80 वृद्धजनों को शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर खाद्य अधिकारी संजय कुमार ठाकुर, तहसीलदार शशि शेखर मिश्रा, नायब तहसीलदार सरिता राजवाड़े, मास्टर ट्रेनर जितेन्द्र सिंह, विनोद कुमार जायसवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद, जितेन्द्र गुप्ता, बीईओ सहित ग्राम खड़गवां, अखराडांड, सैदा, मझोली, बरमपुर, कोड़ागी, पोड़ीडीह, शिवपुर, रतनपुर तथा सोस के ग्रामीण उपस्थित रहे।