
कैथल-कृष्ण प्रजापति
कैथल/हरियाणा :- अक्सर अंधेरे व सामने से पड़ने वाली वाहनों की लाइटों के कारण सड़क के बीच बैठे गौवंश दिखाई नहीं देते और वाहन चालक व गौवंश सड़क दुर्घटनाओं का शिकार होते रहते हैं। कई बार टक्कर लगने से मौत भी हो जाती है। इन होने वाली दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिर एक युवा ने कदम बढ़ाया है। टीक निवासी सोमी पंवार ने अपने बेटे सार्थ पंवार के जन्मदिन पर एक नेक किया जिसमें उन्होंने रात के अंधेरे में जो गौवंश सड़क पर बैठती हैं और किसी न किसी वाहन से खुद भी दुर्घटना का शिकार होती रहती हैं और वाहन चालकों को भी दुर्घटनाग्रस्त क़रतीं हैं, ऐसे सभी गौवंश के गले मे रिफ्लेक्टर टेप बांधने का काम किया ताकि दुर्घटनाओं में कमी आ सके। बातचीत में सोमी पंवार ने बताया कि इस कार्य के पीछे उनका मकसद गौवंश की रक्षा के साथ-साथ उन लोगों की जान बचाना भी है जो रात को वाहनों में सफर के दौरान सड़क पर बैठे गौवंश के दिखाई न देने के कारण दुर्घटनाओं का शिकार होते हैं। उन्होंने कहा कि काफी समय से वे इस कार्य को करने के लिए उचित समय के इंतजार में थे और वह शुभ मुहूर्त श्री कृष्ण जन्माष्टमी और उनके बेटे के जन्मदिन पर रहा।
सोमी पंवार टीक ने 150 से अधिक गौवंश के गले में रिफ्लेक्टर टेप डालकर अपने नेक कार्य को पूरा किया और अपने बेटे के जन्मदिन को खास बनाया। उन्होंने कहा कि सभी को जन्मदिन पर अनावश्यक खर्च की बजाय शुभ और सामाजिक कार्यों को करके यादगार मनाना चाहिए। सोमी ने कहा कि पेड़-पौधे लगाकर, गांव में खुले नलों पर टूंटी लगाकर, बन्द हुई नालियों में से पॉलीथिन आदि हटाकर, गरीब बच्चो को स्टेशनरी, वर्दी व जूते आदि दिलाकर, सफाई अभियान चलाकर जन्मदिन मनाएं और जन्मदिन पर केक को चेहरे आदि पर लगाकर खराब करने की बजाए किसी झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले गरीब बच्चों को खिलाया जाए तो अपने सभी खास अवसरों को यादगार बनाया जा सकता है।
