कार्यक्रम में देश विदेश के अतिथि एवं वक्ता सिरपुर पहुंचे।
महासमुंद :- पुरातात्विक स्मारकों, समृद्ध परम्परा, सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय विश्व संगीति कार्यक्रम का शुभारम्भ 7 सितम्बर को बतौर मुख्य अतिथि राज्य शासन के वन, आवास एवं पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नागार्जुन फाउंडेशन सिरपुर के अध्यक्ष पूज्य भदन्त आर्य नागार्जुन सुरेई ससाई एवं कल्चरल सेंटर ऑफ एच.एच. दलाई लामा तिब्बत हाउस के डायरेक्टर गेशे दोरजी दामदुल ने किया। सी एस आई डी के अध्यक्ष नंदकुमार साय , पुरातत्वविद, नागपुर महाराष्ट्र लेखक डॉ. सत्यजीत चन्द्रिकापुरे, ट्रेव्हल एंड टूरिज्म विभाग महाराष्ट्र डायरेक्टर डॉ. प्रियदर्शी एम. खोब्रागड़े के विशिष्ट आतिथ्य में शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर अतिथियों का सिरपुर विकास प्रधिकरण के अध्यक्ष सतीश जग्गी ने स्वागत किया।
विश्व संगीति कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन एवं पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि सिरपुर एक ऐतिहासिक पुरातात्विक नगरी है। यहां विश्व संगीति कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन से सिरपुर की प्रसिद्धि देश-विदेश तक जाएगी। उन्होंने कहा कि यहां बौद्ध समाज के अनुयाई उपस्थित है, उनका स्वागत है। उन्होंने कहा कि सिरपुर के विकास के लिए सिरपुर विकास प्राधिकरण के माध्यम से पर्याप्त धनराशि की व्यवस्था सरकार द्वारा की गई है। इससे क्षेत्र के विकास और पर्यटन के मानचित्र में सिरपुर का नाम दर्ज होगा।उन्होंने कहा कि प्राधिकरण के माध्यम से सिरपुर के विकास को पुनर्जीवित करने का कार्य हमारी सरकार करेगी।
