
रायपुर:- भारत विकास परिषद रायपुर मुख्य इकाई व्दारा पं. राम सहाय मिश्रा शासकीय उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय, मोहबा बाज़ार रायपुर में वर्तमान सत्र के व्दितीय ‘गुरु वन्दन छात्र छअभिनन्दन’ कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।कार्यक्रम में शाला के 20 बच्चों को विद्यार्जन, क्रीड़ा, लेखन-पठन व कला के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये प्रमाणपत्र व अध्ययन सामग्री से पुरस्कृत किया गया। साथ ही दस वरिष्ठतम शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षण के क्षेत्र में उनकी सेवाओं के लिये प्रमाणपत्र, श्रीफल तथा उपहार देकर सम्मानित किया गया। शाला के छात्र – छात्राओं ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को तिलक लगा, उनके चरण स्पर्श कर उनसे आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में शाला की प्राचार्य डॉ दीपा दास ने कार्यक्रम की मुख्य अतिथि की आसन्दी से अपने उद्बोधन में छात्र-छात्राओं को आशिर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डॉ दीपा ने शिक्षकगण का सम्मान करने के लिये तथा गुरु-शिष्य परम्परा की छाप छोड़ने वाले इस कार्यक्रम को उनकी शाला में आयोजित करने के लिये भारत विकास परिषद की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उनके उद्बोधन पश्चात् भारत विकास परिषद की ओर से अध्यक्ष, सचिव व स्थायी प्रकल्प प्रभारी व्दारा उन्हें दुपट्टा, श्रीफल व स्मृति-चिन्ह भेण्ट कर उनका सम्मान किया गया।कार्यक्रम में लगभग 300 बच्चों तथा 30 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हिस्सा लिया। आज के कार्यक्रम में रायपुर मुख्य इकाई परिवार से सर्वश्री भूषण तावरे, सतीश मिश्रा, अजय गोयनका, जितेन्द्र सेठिया, सोमेन गांगुली व शशांक शुक्ल सम्मिलित हुए। कार्यक्रम विधिवत दीप प्रज्ज्वलन और वन्देमातरम गान से प्रारम्भ हुआ। अध्यक्ष सोमेन गांगुली ने स्वागत उद्बोधन दिया। कार्यक्रम का समापन सचिव शशांक शुक्ल व्दारा आभार प्रदर्शन के बाद सांघिक जन-गण-मन गान से हुआ।
