किसी भी क्षेत्र में ईमानदारी से किया गया प्रयास कभी असफल नहीं होता- छविंद्र कर्मा।

दंतेवाड़ा :- छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेलकूद स्पर्धा के समापन में विधायक देवती महेंद्र कर्मा और पीसीसी मेम्बर छविंद्र कर्मा शनिवार को कटेकल्याण पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत छग महतारी की छायाचित्र पर मार्ल्यापण के साथ की गई। समापन मौके पर विधायक और पीसीसी मेम्बर ने कबड्डी का फाइनल मुकाबला टॉस कराकर शुरुआत कराया। दो दिवसीय छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक स्पर्धा में जोन-कटेकल्याण के तहत आसपास गांवों के सैकड़ो ग्रामीण खिलाडी शामिल हुए। इसमें पारम्परिक गेम्स संकली, फुगड़ी के अलावा रस्साखींच, खो-खो, कबड्डी, बाटी, गिल्ली डंडा, गेड़ी दौड़, लंबी कूद जैसे प्रतियोगिता में ग्रामीण खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। विजेता-उप विजेता खिलाड़ियों व टीम को शुभकामनाएं देते विधायक देवती महेंद्र कर्मा ने स्थानीय गोंडी में सम्बोधित किया। वहीं पीसीसी मेम्बर छविंद्र कर्मा ने खिलाड़ियों को आगामी दिनों में छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा का नेतृत्व करने का आशीर्वाद देते कहा कि हमारी संस्कृति, परम्परा व रीतिरिवाज ही है, जो आगे बढ़ने में सहायक होती है। इसलिए हमें इसकी रक्षा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो सफल नहीं हो सके हैं उन्हें ईमानदारी से प्रयास करते रहना चाहिए। तभी आप हर क्षेत्र में लक्ष्य हासिल करते जाएंगे। क्योंकि किसी भी क्षेत्र में ईमानदारी से किया गया प्रयास कभी असफल नहीं होता। छविंद्र कर्मा ने कहा कि छग के मुखिया भूपेश बघेल ने पारम्परिक खेलों से खिलाड़ियों को जोड़े रखने तथा ग्रामीण अंचलों में छिपी प्रतिभा को बाहर लाने छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेल की शुरूआत की है। उन्होंने कहा कि जोन स्तर पर विजेता खिलाड़ी, ब्लाक, जिला, संभाग स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर राज्य स्तर पर दंतेवाड़ा का नेतृत्व करते जिले का नाम रोशन करेंगे। छविंद्र कर्मा कहा कि खेल के साथ पढ़ाई में भी अपने माता-पिता, गुरुजन के साथ ही जिले का नाम रोशन करें। इस दौरान कटेकल्याण ब्लाक अध्यक्ष जीपी मरकाम, लखमू बघेल, आयतु, बुधराम, कौटुकभानु, धीरू नाग समेत काफी संख्या में ग्रामीण व खेलप्रेमी मौजूद थे ।