आगामी श्री गणेश चतुर्थी के दौरान हिंदू धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए विश्व हिंदू परिषद विभाग ने अनुविभागीय अधिकारी पुलिस को सौंपा ज्ञापन।


सुरेन्द्र मिनोचा
मनेन्द्रगढ़:- श्री गणेश चतुर्थी के दौरान हिंदू धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए अधार्मिक रीति रिवाज एवं फूहड़ता पर प्रतिबंध लगाने के सम्बन्ध में सह मंत्री रतन केशरवानी और जिला संयोजक रवि सिंह की अगुवाई में विश्व हिन्दू परिषद विभाग ने एक ज्ञापन एस डी ओ पी को सौंप कर उचित कार्यवाही का अनुरोध किया है।प्रतिवर्ष बजरंग दल के कार्यकर्त्ता श्री गणेश चतुर्थी के पूर्व से ही प्लास्टर ऑफ पेरिस की बनी मूर्तियों, सही समय पर विसर्जन , गणेश जी के आगमन एवं विसर्जन के दौरान अभद्र गाने बजाकर फूहड़ता के विरुद्ध समाज में जन जागरण करते आ रहे हैं।दल के कार्यकर्त्ता अपने इस कार्य में बहुत अधिक सफल भी हुए हैं।अब अधिकांश क्षेत्रों में धार्मिक रीति-रिवाजों एवं मान्यताओं के आधार पर ही श्री गणेश चतुर्थी का आयोजन होता है। किंतु अभी भी कुछ ऐसे लोग हैं जो आज भी श्री गणेश चतुर्थी के आयोजन में अधार्मिकता , अभद्रता ,विसर्जन एवं आगमन के दौरान डीजे को प्राथमिकता देकर विलंब विसर्जन ,डीजे में गंदे फिल्मी गाने बजाकर ,शराब पीकर समाज में फूहड़ता फैलाते हैं।जिससे वहां स्थित बाकी सभी हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है उनकी आत्मा आहत होती है।अतः गणेश चतुर्थी में धार्मिकता बनाए रखने एवं फ़ूहड़ता पर नियंत्रण लगाने के लिए विश्व हिंदू परिषद विभाग ने अपनी कुछ मांगों का ज्ञापन में उल्लेख किया है,जिनसे इन सभी समस्याओं पर अंकुश लगेगा।गणेश जी की प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाओं को बनने से रोका जाए,श्री गणेश जी की प्रतिमा का मूल स्वरूप ही मान्य किया जाए,फिल्मी एक्टर ,कार्टून इत्यादि के रूप में गणेश प्रतिमा ना बने।विसर्जन के लिए डीजे बुक होना प्रारंभ हो चुका होगा ,अतः डीजे , धुमाल संचालकों को बुलाकर मीटिंग के माध्यम से उन्हें यह स्पष्ट कर दिया जाए कि पितृपक्ष के बाद विसर्जन हेतु कोई भी बुकिंग ले तो विसर्जन के दौरान फिल्मी अभद्र गाने ना बजाएं , अगर ऐसा होता है तो सभी डीजे धुमाल संचालकों एवं समिति पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने हेतु कार्यवाही की जाए।वर्तमान में अधिक वर्षा होने की वजह से नदी,तालाबों में कोई अनहोनी ना हो इसकी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें ,सभी तालाबों , नदियों , घाटों पर गोताखोर एवं सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएं व गहराई की जांच कराई जाए।श्री गणेश चतुर्थी के आरंभ से ही सभी क्षेत्रों में पेट्रोलिंग व्यवस्था दुरुस्त की जाए,धार्मिक परिसर के आसपास शराब पीकर लड़ाई झगड़ा कर रहे लोगों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।इन सभी नियमों पर अगर कार्य किया जाए तो श्री गणेश चतुर्थी बहुत ही शुभ मंगल होगा अन्यथा कोई भी धार्मिक आयोजनों के दौरान अभद्रता या फूहड़ता करेगा तो बजरंग दल अपनी धार्मिक भावनाओं को आहत होता देख स्वयं कार्यवाही हेतु बाध्य होगा।इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद विभाग सह मंत्री रतन केशरवानी,जिला संयोजक रवि सिंह,प्रियांशु मिश्रा,विशाल यादव,संस्कार सिंह,संजय यादव,मोहित मिश्रा,अविनाश यादव,वीर यादव,नमन शर्मा और कई कार्यकर्ता शामिल हुए।